उमेश पाल हत्याकांड : उमर से दो बार मिला था असद, अली से शूटरों ने की थी पांच मुलाकातें
उमेश पाल हत्याकांड मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक माफिया अतीक अहमद के दोनों बेटों अली और उमर को हत्याकांड की पूरी जानकारी थी और वह इसके लिए रची जा रही साजिश में भी शामिल थे। शूटरों ने जेल में जाकर दोनों भाइयों से मुलाकात भी की थी।
विस्तार
उमेश पाल हत्याकांड से पहले शूटरों ने माफिया अशरफ से ही नहीं,बल्कि जेल में बंद अतीक अहमद के बेटों उमर व अली से भी मिले थे। लखनऊ जेल में बंद उमर से मुख्य शूटर असद ने दो तो नैनी जेल में बंद अली से शूटर गुलाम, गुड्डूू मुस्लिम व अरमान ने पांच बार मुलाकात की थी। जेल भेजे गए आरोपियों से पूछताछ में यह खुलासा हुआ है।
उमर व अली का एक दिन पहले ही पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में रिमांड बनवाया है। सूत्राें के मुताबिक विवेचना के दौरान पुलिस ने इस मामले में जब अतीक व उससे जुड़े लोगों से पूछताछ की तो बेहद अहम खुलासे हुए। इस बात के भी सबूत मिले कि उमर व अली को इस हत्याकांड की साजिश की पूरी जानकारी थी। यह बात पहले ही सामने आ चुकी है कि असद व अन्य शूटर बरेली जेल में अशरफ से मिलने गए थे।
उधर पुख्ता सूत्रों का कहना है कि असद के दोस्त आतिन जफर ने पूछताछ में पुलिस को बताया है कि उमेश पाल हत्याकांड से पहले असद दो बार लखनऊ जेल में अपने भाई उमर से मिलने गया था। बरेली जेल में अपने चाचा अशरफ से मिलकर लौटते वक्त असद लखनऊ में महानगर स्थित फ्लैट में रुक गया था। इसके बाद उसने दो बार उमर से मुलाकात की। फिर वह अपना फोन व एटीएम वहीं छोड़कर प्रयागराज चला आया था।
नैनी जेल में अली और बरेली में अशरफ से की थी मुलाकात
उधर अतीक के वकील रहे खान शौलत हनीफ ने भी पुलिस को बताया है कि इस हत्याकांड की साजिश की जानकारी उमर व अली को थी। कई बार असद ने उससे यह चर्चा भी की थी। इसी तरह साजिशकर्ता के तौर पर जेल भेजे गए सदाकत खान ने भी पुलिस को बताया है कि हत्याकांड से पहले वह गुलाम और अन्य शूटरों के साथ न सिर्फ बरेली जेल जाकर अशरफ से मिले, बल्कि नैनी जेल में जाकर अली से भी मुलाकात की थी। हत्याकांड से एक महीने पहले 30 दिनों के भीतर शूटर अली से पांच बार मिले थे। इन बयानों व कुछ अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही पुलिस ने दोनों भाइयों का नाम मुकदमे में शामिल करते हुए उनका रिमांड बनवाया है।
जेल में जाकर जल्द दर्ज किया जाएगा बयान
इस मामले में रिमांड बनवाने के बाद अब जल्द ही धूमनगंज पुलिस नैनी व लखनऊ जेल जाकर दोनों का बयान दर्ज करेगी। इसके लिए एक-दो दिन के भीतर ही अर्जी भी दी जा सकती है। बयान के बाद पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। उधर अली का वारंट तामील कराया जा चुका है और बुधवार को उमर का भी वारंट लखनऊ जेल में तामील करा दिया गया।