UP: गंगा नदी में डूबकर दो बच्चों की मौत, तरबूज तोड़ने गए थे, नहाते समय हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि इस बीच श्रेयांश नदी में उतरकर नहाने लगा। अचानक पैर फिसला तो वह डूबने लगा। यह देख संजू उसे बचाने के लिए नदी में उतरा। अचानक उसका भी पैर फिसला और श्रेयांस के साथ संजू भी डूब गया।
विस्तार
प्रयागराज के मंझनपुर स्थित संदीपन घाट कोतवाली के उमरछा गांव स्थित घाट पर गंगा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। गोताखोरों ने दोनों के शव बाहर निकाले। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मौके की औपचारिकताएं पूरी कीं।
इलाके के मोहनापुर निवासी नीरज कुमार मुंबई में रहकर नौकरी करते हैं। उसका सात वर्षीय बेटा श्रेयांश पड़ोसी गुड्डू के 10 वर्षीय बेटे संजू के साथ मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे तरबूज तोड़ने के लिए उमरछा गांव स्थित गंगा नदी किनारे खेत की तरफ गए थे।
परिजनों ने बताया कि इस बीच श्रेयांश नदी में उतरकर नहाने लगा। अचानक पैर फिसला तो वह डूबने लगा। यह देख संजू उसे बचाने के लिए नदी में उतरा। अचानक उसका भी पैर फिसला और श्रेयांस के साथ संजू भी डूब गया। घाट किनारे रहे कुछ चरवाहों ने बच्चों को डूबते देखा तो शोर मचाया।
इस पर घाट किनारे मौजूद कुछ नाविक और दो गोताखोर उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। जानकारी होने पर रोते-बिलखते परिजन भी आ गए। सूचना पर वहां पहुंचे थानाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने गोताखोरों की मदद से जाल डलवाकर करीब दो घंटे बाद दोनों के शवों को बाहर निकलवाया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पंचायतनामा भर लिया गया है। मुंबई में रह रहे श्रेयांश के पिता का परिजन इंतजार कर रहे हैं। परिजन चाहेंगे तो शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। उधर, दो बच्चों की मौत के बाद उनके घरों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते रहे।