उर्मिला की हत्या में ननद और मौलाना का हाथ: चार महीने पहले अपहरण और हत्या, अब मिला कंकाल; ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने छह अप्रैल को ही बहाने से प्रयागपुर जंगल ले जाकर उर्मिला की हत्या कर दी थी। पत्थर से उसका सिर कूंच दिया था और फिर शव वहीं फेंककर भाग निकले थे।
विस्तार
यूपी के मेजा से चार महीने पहले महिला के अपहरण मामले में सोमवार को सनसनीखेज खुलासा हुआ। पता चला है कि अगवा करने के बाद महिला की हत्या कर दी गई थी। आरोप रिश्ते में ननद लगने वाली महिला और एक मौलाना पर है जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर मांडा स्थित जंगल से महिला का कंकाल भी बरामद कर लिया गया है।
उर्मिला देवी (45) मेजा के उरुवा की रहने वाली थी। पति वीरेंद्र गुप्ता उरुवा चौराहे पर ही मिठाई की दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि छह अप्रैल को पत्नी उर्मिला को उनके मामा की बेटी गुड़िया और मौलाना पिंटू अंसारी, दोनों निवासी भारतगंज मांडा अपने साथ लेकर गए थे। आरोप है कि पत्नी के नहीं लौटने पर सात अप्रैल को जब वह गुड़िया के घर पहुंचे तो वहां उसने पिंटू के साथ मिलकर धमकी दी। कहा कि दो लाख रुपये दो वरना तुम्हारी पत्नी को बेच देंगे। वह पत्नी की तलाश में जुटा रहा और कोई खबर नहीं मिलने पर चार मई को दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व अपहरण का मुकदमा लिखाया।
आरोप लगाया कि पिछले साल बेटे के इलाज के लिए झाड़ फूंक करने के बहाने पहले पिंटू ममेरी बहन गुड़िया के जरिए उसके घर में आने जाने लगा था। फिर रुपये दोगुना करने के नाम पर 9.5 लाख रुपये ले लिए। साल भर बाद समय पूरा होने पर जब उसने पैसे वापस मांगे तो छह अप्रैल को रुपये लौटाने के बहाने पत्नी को साथ ले जाकर गायब कर दिया।
ऐसे हुआ खुलासा
मेजा पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपी हाईकोर्ट चले गए, जहां से उन्हें गिरफ्तारी से राहत मिल गई। हालांकि सर्विलांस व अन्य माध्यमों से सुरागरशी की जाती रही और कॉल डिटेल रिपोर्ट व मोबाइल लोकेशन आदि से दोनों की भूमिका संदिग्ध पाई गई। सोमवार को दोनों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की गई तो उनकी बातों में विरोधाभास मिला। शक होने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो दोनों ने हत्या करने की बात कबूली, जिसे सुनकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।
पत्थर से कूंच दिया था सिर
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने छह अप्रैल को ही बहाने से प्रयागपुर जंगल ले जाकर उर्मिला की हत्या कर दी थी। पत्थर से उसका सिर कूंच दिया था और फिर शव वहीं फेंककर भाग निकले थे। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस उन्हें लेकर मांडा स्थित घटनास्थल पर पहुंची जहां महिला का कंकाल बरामद हुआ। पुलिस के सूचना देने पर पहुंचे पति ने मौके पर मिले चूड़ियों के टुकड़े व कपड़ों से पहचान की।
अब तक कि जांच में यही बात सामने आई है कि रुपये हड़पने की नीयत से महिला का अपहरण कर उसकी हत्या की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। कंकाल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। -विवेक चंद्र यादव, डीसीपी यमुनानगर
दोनों आरोपियों के थे करीबी संबंध
पुलिस ने बताया कि जांच पड़ताल में सामने आया है कि दोनों आरोपी एक ही क्षेत्र के रहने वाले थे और उनमें करीबी संबंध थे। मौलाना झाड़ फूंक का काम करता है और इसी संबंध में एक बार दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद ही दोनों में बातचीत होने लगी और फिर वह उसके घर भी जाने लगा।