Railway News : सीट के बदले टीटीई मांग रहा था रिश्वत, वायरल हुआ वीडियो तो डीआरएम ने किया सस्पेंड
संगम एक्सप्रेस ट्रेन में रिश्वत लेकर सीट बेचने का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। मामला संज्ञान में आने के बाद डीआरएम ने दो टीटीई को निलंबित कर दिया है। यह ट्रेन प्रयागराज से मेरठ के बीच चलती है। कानपुर के एक यात्री ने सीट देने के नाम पर रिश्वत लेने का वीडियो वायरल किया तो रेल महकमे की नींद उड़ गई।
विस्तार
रेलवे में सीट के बदले पैसे मांगने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम ने टीटीई को निलंबित कर दिया है। मामला संगम एक्सप्रेस का है। यह ट्रेन प्रयागराज से मेरठ के बीच चलती है। आए दिन टीटीई के द्वारा की जा रही रिश्वतखोरी से रेलवे की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग सरकार को लेकर रेलवे विभाग की खिंचाई कर रहे हैं। इसके पहले भी कई टीटीई और कर्मचारी रेलवे की छवि धूमिल कर चुके हैं।
प्रयागराज से मेरठ जाने वाली संगम एक्सप्रेस ट्रेन में सीट देने के एवज में रुपये लेने का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में टीटीई यात्री से सीट देने के लिए पैसे की मांग कर रहा है। इस मामले में कानपुर यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता विभाग के अध्यक्ष डॉ. विशाल शर्मा ने संगम एक्सप्रेस के टीटीई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रेलवे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों, सुशील कुमार (सीआईटी) और हितेंद्र सिंह (उप-सीआईटी), को निलंबित कर दिया है। डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने शनिवार रात प्रयागराज से मेरठ की यात्रा के लिए सामान्य टिकट लिया था और टीटीई से इसे अपग्रेड कर रिजर्व सीट देने का अनुरोध किया।
वीडियो वायरल होने से रेलवे महकमे में मचा हड़कंप
टीटीई ने पहले तो आनाकानी की फिर अन्य यात्रियों की खाली सीटों को रुपये लेकर बेचना शुरू कर दिया। विशाल ने आरोप लगाया कि टीटीई ने उनसे 500 रुपये लिए, लेकिन बाद में जब उन्होंने बताया कि घर जाने का किराया नहीं है तो उसने 300 रुपये लौटा दिए और इटावा से पहले एम-1 कोच में इकोनॉमी क्लास की 33 नंबर सीट दी। इस दौरान न तो कोई रसीद दी गई और न ही टीटीई ने अपनी नेम प्लेट लगाई थी।
विशाल ने रेलवे के पीआरओ से फोन पर शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने एक्स पर वीडियो शेयर कर रेल मंत्री, डीआरएम दिल्ली और प्रयागराज से शिकायत की। वीडियो में टीटीई और यात्रियों के बीच पैसे के लेनदेन की बातचीत साफ दिख रही है, जिसके बाद रेलवे ने तुरंत कार्रवाई की। डीआरएम प्रयागराज रजनीश अग्रवाल ने बताया कि दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.