प्रयागराज : सहसों में डेंगू से अधिवक्ता व छात्र की मौत, दर्जनभर लोग बुखार से पीड़ित
सहसों के कसेरूआ खुर्द गांव निवासी संजय गुप्ता (58) पुत्र राजा राम गुप्ता फूलपुर तहसील में वकालत करते थे। पिछले पांच दिनों से वह बुखार से पीड़ित थे। इलाज के दौरान जांच में डेंगू की पुष्टि की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डेंगू बुखार की चपेट में आने से सहसों इलाके में एक अधिवक्ता और एक छात्र की जहां मौत हो गई। दर्जन भर से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं। लगातार हो रही डेंगू से मौतों के कारण स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। सहसों के कसेरूआ खुर्द गांव निवासी संजय गुप्ता (58) पुत्र राजा राम गुप्ता फूलपुर तहसील में वकालत करते थे। पिछले पांच दिनों से वह बुखार से पीड़ित थे। इलाज के दौरान जांच में डेंगू की पुष्टि की गई। परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए शहर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होते देख डॉक्टरों ने पीजीआई लखनऊ रेफर कर दिया। रास्ते में ऊंचाहार के पास पहुंचे ही थे कि उनकी मौत हो गई।
इसी प्रकार डेंगू से मौत की दूसरी घटना क्षेत्र के भोपतपुर गांव में शनिवार को हुई। यहां के रहने वाले रियाज अहमद का (16) वर्षीय बेटा रेहान रजा जो नौवीं का छात्र था। वह भी पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित था। सहसों स्थित एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था। हालत बिगड़ने पर शनिवार शाम परिजन उसे इलाज के लिए शहर लेकर जा रहे थे। जहां रास्ते में ही छात्र रेहान ने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत से उसके माता-पिता सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
डेंगू की रोकथाम के लिए सड़क पर उतरे अधिकारी
डेंगू के बढ़ते प्रभाव की रोकथाम में हो रही लापरवाही पर हाईकोर्ट की संख्ती का असर दिखने लगा है। नगर निगम के अधिकारी मोहल्लों में जाकर एंटी लार्वा छिड़काव व फागिंग कराने लगे हैं। रविवार को भी नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने शहर के अलग-अलग इलाकों में भोर में पहुंचकर हो रही फागिंग और एंटी लार्वा छिड़काव के साथ ही साफ सफाई का निरीक्षण किया।
जिले में डेंगू के बढ़ते मरीजों की संख्या को देखते हुए हाईकोर्ट की सख्ती के बाद रविवार को नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग व निगम के अन्य अधिकारियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों-राजापुर रहमान अली तिराहा क्षेत्र, नवाब यूसुफ रोड, सिविल लाइन्स, पीडीए कालोनी नैनी, महर्षि चौराहा नैनी, चाका एफसीआई रोड, सरस्वती वाटिका आदि क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। रहमान अली क्षेत्र में गन्दगी एवं नालियों में जमे शिल्ट पाये जाने पर क्षेत्रीय सफाई नायक को चेतावनी पत्र जारी किया गया। साथ ही जोनल अधिकरी एवं क्षेत्रीय मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को एक दिन में चार बार फॉगिंग एवं एन्टी लार्वा का छिड़काव कराये जाने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने जोनल अधिकारी को क्षेत्र के बड़े तालाब व जिन स्थालों पर पानी का जमाव हो जाता है, उन स्थानों को चिन्हित करते हुए उसमें जला हुआ मोबिल एवं एन्टी लार्वा का छिडकाव नियमित रूप से कराने का निर्देश दिया। डेंगू के बढ़ते हुए प्रकोप के दृष्टिगत नगर निगम की तरफ से वार्ड निगरानी समिति का गठन किया गया है। गठित समिति की देख-रेख में 135 साईकिल माउण्टेड मशीन, 8 बड़ी मशीन, जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध करायी गयी 1 बडी मशीन एवं 100 मशीनों के जरिए एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है।
खुल्दाबाद , मुठ्ठीगंज, कटरा, अल्लापुर, नैनी, मुण्डेरा, बम्हरौली, पीपल गांव, झलवां क्षेत्र, फाफामऊ शान्तिपुरम क्षेत्र, झूंसी नगर पंचायत, आदि क्षेत्रों में फॉगिंग तथा एन्टी लार्वा का छिड़काव कराया गया। मलिन बस्ती- खरिया, भागलपुवा, पोंगहट, गढ़ी कलां, मिन्हाजपुर, गुलाब बाड़ी, रसूलपुर, दरियाबाद, मदारीपुर आदि क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर फॉगिंग तथा एन्टी लार्वा का छिड़काव कराया गया।
स्कूलों में कराया गया एंटी लार्वा और फागिंग
डेंगू को देखते हुए नगर निगम की तरफ से स्कूलों में भी फागिंग और एंटी लार्वा छिड़काव कराया गया। इसमें गौरी पाठशाला इण्टर कालेज, राजर्षि टण्डन गर्ल्स डिग्री कालेज, ओम सरस्वती स्कूल, नजमा इण्टर कालेज, हमीदिया गर्ल्स इण्टर कालेज, अब्बास स्कूल, गरीब नवाज मदरसा आदि में फॉगिंग तथा एन्टी लार्वा का छिड़काव कराया गया।साथ ही वन विभाग, सर्किट हाउस, एनसीजेडसीसी, पीडब्लूडी, आयकर विभाग, श्रम विभाग, पंचायती राज, हाईकोर्ट, प्रधान डाकघर में फॉगिंग तथा एन्टी लार्वा का छिड़काव कराया गया।
नाजरेथ अस्पताल जाकर डीएम ने मरीजों का जाना हाल
हाईकोर्ट की सख्ती का असर शहर में दिखने लगा है। डेंगू मरीजों के बेहतर उपचार का हाल लेने के लिए रविवार को जिलाधिकारी संजय कुमार खत्री ने नाजरेथ अस्पताल का निरीक्षण किया। मरीजों का हाल जानने के बाद उन्होंने चिकित्सकों को उचित देखभाल के लिए निर्देशित किया।
जिलाधिकारी ने भर्ती मरीजों की जांच प्रतिदिन किए जाने एवं उनके प्लेटलेट्स पर निगरानी के निर्देश दिए। डीएम ने हॉस्पिटल की क्षमता व ओपीडी में आने वाले मरीजों की जानकारी ली। साथ ही 20 हजार से कम प्लेटलेट्स वाले मरीजों की संख्या भी जानी। उन्होंने एमआईसीयू वार्ड में पहुंचकर भर्ती मरीजों की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन से प्लेटलेट्स की डिमांड के बारे में पूछा।
अस्पताल प्रशासन ने डीएम को बताया कि भर्ती मरीजों में 50 फीसदी मरीज दूसरे जिलों से हैं। इस दौरान सीएमओ डॉ. नानक सरन समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। इसके अलावा सीएमओ डॉ. नानक सरन ने भी विनीता हॉस्पिटल सहित कई निजी अस्पतालों में जाकर डेंगू मरीजों का हालचाल किया।