Mahakumbh : ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा यह महाकुंभ, चलाएंगी कैफिटेरिया और कैंटीन
राज्य आजीविका मिशन से जुड़ी ग्रामीण क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को महाकुंभ क्षेत्र में विभिन्न स्टॉल और दुकानें आवंटित की जाएंगी। राज्य आजीविका मिशन की तरफ से इसकी पूरी योजना तैयार की गई है, जिसमें ग्रामीण महिलाओं को ही लगाया जायेगा।
विस्तार
संगम तट पर लगने वाला महाकुंभ ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोलेगा। इसके तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को न सिर्फ स्टाॅल दिये जाएंगे, बल्कि वे कैफेटेरिया, कैंटीन और श्री अन्न के काउंटर भी संचालित करतीं नजर आएंगी।
राज्य आजीविका मिशन से जुड़ी ग्रामीण क्षेत्र की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को महाकुंभ क्षेत्र में विभिन्न स्टॉल और दुकानें आवंटित की जाएंगी। राज्य आजीविका मिशन की तरफ से इसकी पूरी योजना तैयार की गई है, जिसमें ग्रामीण महिलाओं को ही लगाया जायेगा।उपायुक्त एनआरएलएम राजीव कुमार सिंह बताते हैं कि मेला क्षेत्र में ग्रामीण महिलाओं को पांच कैंटीन संचालित करने की जिम्मेदारी देने की योजना है।
मेला क्षेत्र के प्रत्येक सेक्टर में इन महिलाओं को 10 दुकानें देने के लिए प्रस्ताव कुंभ मेला प्राधिकरण को भेजा गया है। इसके अलावा मेले की सरस हाट में भी 40 से अधिक दुकानें इन ग्रामीण महिलाओं को आवंटित करने का अनुरोध किया गया है। इससे पांच हजार से अधिक ग्रामीण महिलाओं को प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
मफलर में होगा महाकुंभ का लोगो और स्लोगन
महाकुंभ क्षेत्र में जो महिलाएं दुकान या स्टॉल लगाएंगी उनके उत्पाद को इस तरह से तैयार कराया जा रहा है कि इससे प्रयागराज महाकुंभ की ब्रांडिंग भी हो। उपायुक्त एनआरएलएम राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, महिलाओं के लिए आवंटित इन स्टॉलों में बहु उपयोगी वस्तुओं के रखने की योजना है। महाकुंभ के समय सर्दी रहेगी, ऐसे में सर्दी से बचाने वाले मफलर बनाए जा रहे हैं, जिसमें महाकुंभ का लोगो और स्लोगन लिखा होगा।
एकलव्य आजीविका महिला समूह की नेहा निषाद बताती हैं कि उनकी समूह की महिलाएं ये उत्पाद तैयार कर रही हैं जिसमें कुंभ के लोगो प्रिंट किए जाएंगे। प्रसाद के लिए तैयार हो रही डलियों में रखे गए अंगवस्त्रम में भी महाकुंभ का लोगो और स्लोगन होगा।
जौ, ज्वार, बाजरा और देशी गुड़ से उत्पाद हो रहे तैयार
राष्ट्रीय आजीविका मिशन की तरफ से श्रीअन्न के काउंटर भी महाकुंभ मेला क्षेत्र में लगाए जाने की योजना हैं। मेला क्षेत्र में एक कैफिटेरिया और पांच कैंटीन खोली जाएंगी, उसमें नाश्ते और खाने में श्रीअन्न के उत्पाद रखे जाएंगे। नारी शक्ति प्रेरणा संकुल समिति की अध्यक्ष चिंता देवी बताती हैं कि श्रीअन्न के जौ, ज्वार, बाजरा और देशी गुड़ से विभिन्न उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं जिन्हें महाकुंभ में स्टॉल पर रखा जाना है।