Prayagraj : इनामी दंपती ने 100 लोगों से की थी 90 लाख की ठगी, 80 लाख लेकर भागे थे शहर से
आरोपी अमित श्रीवास्तव व उसकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव 17 साल से फरार थे जिन्हें शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने यही बताया है कि लगभग 100 लोगाें से उन्होंने नौकरी के नाम पर 80 हजार से एक लाख रुपये जमा कराए।
विस्तार
नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी कर फरार होने से पहले 50-50 हजार के इनामी दंपती ने 100 लोगों से करीब 90 लाख रुपये की ठगी की थी। इसमें से करीब 80 लाख रुपये लेकर शहर छोड़ दिए थे। इसी रकम से वह कुछ दिन दिल्ली में रहे और फिर अहमदाबाद जाकर नया बिजनेस शुरू कर दिया। एसटीएफ टीम दोनों को लेकर आ रही है और उनके देर रात तक पहुंचने की संभावना है।
आरोपी अमित श्रीवास्तव व उसकी पत्नी शिखा श्रीवास्तव 17 साल से फरार थे जिन्हें शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। एसटीएफ सूत्रों ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने यही बताया है कि लगभग 100 लोगाें से उन्होंने नौकरी के नाम पर 80 हजार से एक लाख रुपये जमा कराए। इस तरह से करीब 90 लाख रुपये जमा किए। कुछ लोगों को जमा रकम में से ही कुछ महीनों तक तनख्वाह भी दी। इसके बाद करीब 80 लाख रुपये लेकर भाग निकले।
वहां से दोनों कुछ दिनों तक दिल्ली में रहे और फिर अहमदाबाद पहुंचकर नया बिजनेस शुरू कर दिया। दोनों ने मेडिकल सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराने वाली एक कंपनी खोली जिसका कार्यालय धौलपुर में बनाया। पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि इनकी कंपनी के सॉफ्टवेयर न सिर्फ गुजराज बल्कि अन्य कई बड़े शहरों में स्थित अस्पताल में भी इस्तेमाल किए गए।
इस बात की भी चर्चा रही कि दोनों ने दिल्ली में भी ठगी की घटना की। एसटीएफ अफसरों का कहना है कि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। जानकारी जुटाई जा रही है। उधर एसटीएफ की टीम दोनों को लेकर प्रयागराज आ रही है और उनके देर रात तक पहुंचने की संभावना है। उन्हें रविवार को कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
आस पड़ोस वाले रह गए स्तब्ध
एसटीएफ सूत्रों का कहना है कि शनिवार को उनकी गिरफ्तारी के बाद आस पड़ोस में रहने वाले भी स्तब्ध रह गए। अहमदाबाद के बेकरी सिटी, थाना क्षेत्र वेजलपुर में स्थित शिवांता अपार्टमेंट के एक फ्लैट में दोनों अपनी बेटी के साथ रहते थे। एसटीएफ स्थानीय पुलिस के साथ अपार्टमेंट में पहुंची तो हड़कंप मच गया। दंपति को हिरासत में लिए जाने के बाद लोगाें को पता चला कि दोनों फरार चल रहे थे।