प्रयागराज : महंत बलवीर के साथ चल रही एस्कॉर्ट जिप्सी पलटी, पांच पुलिसकर्मी घायल
महंत बलवीर गिरी वाराणसी से प्रयागराज लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी हंडिया के पास पहुंची थी कि सामने गाय आ जाने के कारण एस्कार्ट में चल रही गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई। उसमें सवार पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल भेजवाया गया है।
विस्तार
बाघंबरी मठ और लेटे हनुमान मंदिर के मुख्य महंत बलवीर गिरि की गाड़ी के साथ चल रही एस्कॉर्ट जिप्सी हंडिया थाना क्षेत्र के बगहां गांव के पास हाईवे पर पलट गई। जिप्सी के सामने अचानक एक युवक हीरो पुक गाड़ी लेकर आ गया। उसे बचाने में गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। महंत बलवीर गिरी सभी घायलों को अपनी गाड़ी से एसआरएन अस्पताल ले गए।
बाघंबरी मठ के महंत बलवीर गिरि वाराणसी गए थे। बृहस्पतिवार को वह वाराणसी से प्रयागराज लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी सुरक्षा में साथ चल रही पुलिस की एस्कॉर्ट जिप्सी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वहीं, हादसे में हीरो पुक गाड़ी सवार पारस नाथ गुप्ता (55) निवासी मानिकपुर भी घायल हो गया।
महंत बलवीर गिरी ने घायल हेड कांस्टेबल अजय सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश, कांस्टेबल अंबुज यादव, कांस्टेबल नागेंद्र कुमार और गनर अजीत भारती को अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से एसआरएन अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अजीत को छुट्टी दे गई। अन्य सिपाहियों को भर्ती कर लिया गया है। दूसरी ओर हीरो पुक सवार पारस नाथ गुप्ता को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।