वारदात : प्रयागराज में दरोगा के पुत्र की गोली मारकर हत्या, दो आरोपी हिरासत में
जियाईपुर गांव में रहने वाले बाबूचंद यादव पीएसी में दरोगा हैं। उनका बेटा आशीष तीन बहनों व दो भाइयों में चौथे नंबर पर था। वह क्षेत्र में ही ककरा दुबावल स्थित जयराम जानकी कॉलेज से बीटीसी कर रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरायइनायत के पांडेयपुर गांव में दरोगा के बेटे आशीष यादव (19) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सरेशाम वारदात को अंजाम देकर हत्यारा फरार हो गया। पुलिस ने उसके भाई समेत दो को हिरासत में ले लिया है। देर रात परिजनों की ओर से तहरीर देकर बताया गया कि प्रधानी चुनाव की रंजिश में उनके बेटे की हत्या की गई। पुलिस अफसर मौके पर मौजूद रहकर परिजनों से पूछताछ में जुटे रहे।
जियाईपुर गांव में रहने वाले बाबूचंद यादव पीएसी में दरोगा हैं। उनका बेटा आशीष तीन बहनों व दो भाइयों में चौथे नंबर पर था। वह क्षेत्र में ही ककरा दुबावल स्थित जयराम जानकी कॉलेज से बीटीसी कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, सोमवार शाम 6.30 बजे के करीब वह गेहूं की मड़ाई कर घर लौट रहा था। पांडेयपुर गांव में पहुंचने के बाद वह एक दुकान पर रुककर चाय पीने लगा।
गालियां देने के बाद दाग दी गोली
इसी दौरान अचानक वहां तमंचा लेकर एक युवक पहुंच गया। उसने पहले आशीष को गालियां दीं और अगले ही पल उस पर फायर कर दिया। गोली सीने में लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। उधर हत्यारा तमंचा लहराते हुए भाग निकला। घटना से सनसनी फैल गई। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए और आसपास के लोगों की मदद से उसे नजदीकी अस्पताल ले गए। वहां हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया।
इसके बाद उसे एसआरएन अस्पताल ले जाया गया लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। जिस पर परिजन बिलखने लगे। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी एसपी गंगापार रविशंकर के मुताबिक प्रधानी चुनाव की रंजिश में वारदात की गई। प्रधान संतोष यादव समेत 11 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है। मुकदमा लिखा जा रहा है।
घर में ताला बंद कर फरार हुआ आरोपी
घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का आरोप लगाया। जिसके बाद पुलिस उन्हें लेकर आरोपी के घर पहुंची लेकिन वहां ताला बंद मिला। पुलिस ताला तोड़कर भीतर घुसी तो वहां एक तमंचा व दो कारतूस बरामद हुए। छानबीन के दौरान ही पुलिस ने आरोपी के भाई व एक अन्य युवक को हिरासत में ले लिया। देर रात तक उनसे पूछताछ चलती रही।
बेटे का शव देख बेसुध हो गई मां
आशीष की मौत से उसके घर में कोहराम मचा रहा। जवान बेटे का शव देख मां उर्मिला बेसुध हो गई। बहनों के भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। घटना के वक्त पिता घर पर मौजूद नहीं थे। सूचना मिलने पर वह शहर आने केलिए चल दिए।