{"_id":"5cfd5c08bdec22072a55501e","slug":"students-marched-with-candles-demanding-to-cancel-lt-grade-exam","type":"story","status":"publish","title_hn":"एलटी ग्रेड परीक्षा निरस्त कराने को निकाला कैंडल मार्च","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
एलटी ग्रेड परीक्षा निरस्त कराने को निकाला कैंडल मार्च
Mon, 10 Jun 2019 12:50 AM IST
विनोद सिंह
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Mon, 10 Jun 2019 12:50 AM IST
विज्ञापन
प्रयागराज
- फोटो : Prayagraj
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा निरस्त की जाए और दो वर्षों में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित परीक्षाओं की जांच किसी रिटायर्ड जज के पैनल की निगरानी में कराई जाए। ऐसी ही तमाम मांगों को लेकर प्रतियोगी छात्रों ने रविवार को कैंडल मार्च निकाला।
विज्ञापन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कॉमर्स फैकल्टी से बालसन चौराहा स्थित गांधी प्रतिमा तक कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान छात्रों ने यह मांग भी उठाई कि आयोग के सचिव और अध्यक्ष समेत अन्य दोषी अफसरों को परीक्षाओं में धांधली के लिए गिरफ्तार किया जाए। साथ ही एलटी ग्रेड परीक्षा निरस्त करते हुए छह माह के भीतर परीक्षा दोबारा कराई जाए। वहीं, आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं। साथ रोजगार देने वाले आयोग या बोर्ड में भ्रष्टाचार व अनियमितता को रोकने के लिए राज्य स्तरीय आयोग का गठन हो।
विज्ञापन
छात्रों ने तय किया कि इन मांगों को लेकर सोमवार सुबह 11 बजे जिलाधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहे सुनील मौर्य ने कहा कि अध्यक्ष एवं सचिव पर कार्रवाई किए बगैर नए परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति सरकार की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठाती है। अनुराग वर्मा ने कहा कि छात्र भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रखेंगे। वहीं, एलके चौधरी ने आरोप लगाया कि आयोग के कर्मचारी भ्रष्टाचार को छिपाने के लिए खुद ही धरने पर बैठ गए हैं। कैंडल मार्च में अनिल सिंह, सुरेंद्र पांडेय, सुनील यादव, अखिल विकल्प, अमित, अंशुल, उमराव, अजय उपाध्याय, पवन गुप्ता आदि मौजूद रहे
विज्ञापन
रिजल्ट और सत्यापन के लिए धरना आज
प्रयागराज। प्रतियोगियों का एक गुट एलटी ग्रेड परीक्षा निरस्त करने की मांग कर रहे तो दूसरा गुट अड़ा है कि आयोग एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा के सभी विषयों का परिणाम शीघ्र घोषित करे। साथ ही अब तक जारी रिजल्ट में चयनितों के अभिलेखों का सत्यापन पूर्व निर्धारित तिथि 11 जून से शुरू कराया जाए।
इस मांग को लेकर अभ्यर्थी प्रतियोगी छात्रों का एक गुट प्रतियोगी मोर्चा के तहत सोमवार सुबह 11 बजे उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में धरना देगा। प्रतियोगी मोर्चा के अध्यक्ष शेर सिंह का आरोप है कि एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती में अब जारी रिजल्ट में जिन लोगों चयन नहीं हुआ है, वही लोग परीक्षा निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। ऐसे लोगों को उनकी मंशा में कामयाब नहीं होने दिया जाएगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। प्रतियोगी मोर्चा की मांग है कि आयोग सभी विषयों का परिणाम घोषित कर ताकि दस हजार से अधिक युवाओं को रोजगार मिल सके।
सचिव के वार्ता के बाद कार्य बहिष्कार पर होगा निर्णय
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा अधिकारी/कर्मचारी संघ ने 10 जून से कार्य बहिष्कार पर जाने की चेतावनी दे रखी है। इसके लिए संघ के अध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में कर्मचारियों ने कुछ दिनों पहले आयोग के सचिव और अध्यक्ष को ज्ञापन भी दिया था। अगर कार्य बहिष्कार हो जाता है तो आयोग के कई जरूरी काम ठप हो जाएंगे। ऐसे में कर्मचारी सोमवार को सचिव से वार्ता करने के बाद कार्य बहिष्कार पर अंतिम निर्णय लेंगे। सचिव कुछ दिनों पहले लखनऊ गए थे। मुख्य सचिव से मिलकर लौटे सचिव जगदीश सोमवार को कर्मचारियों मिलकर उन्हें शासन की मंशा से अवगत करा सकते हैं।
आयोग आज ले सकता है कुछ महत्वपूर्ण निर्णय
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) सोमवार को कुछ अहम निर्णय ले सकता है। शासन से संकेत मिल चुके हैं कि जल्द ही नए परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति कर दी जाएगी लेकिन आयोग नई नियुक्त तक इंतजार नहीं करना चाहता है, सो संयुक्त सचिव बृजेंद्र द्विवेदी को अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है।
बीते शुक्रवार आयोग की बैठक भी प्रस्तावित थी, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण निर्णय होने थे लेकिन सचिव को अचानक लखनऊ बुला लिया गया और बैठक स्थगित हो गई। सचिव लौट आए हैं और कार्यवाहक परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति भी हो चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि बीते शुक्रवार की बैठक स्थगित होने के कारण जिन मुद्दों पर चर्चा नहीं हो सकी, उन पर चर्चा या निर्णय के लिए सोमवार को आयोग की बैठक बुलाई जा सकती है।