प्रयागराज : शैक्षिक भ्रमण के लिए आजाद पार्क आया जवाहर नवोदय विद्यालय का छात्र लापता, पुलिस खोजबीन में जुटी
मेजा के जवाहर नवोदय विद्यालय से शैक्षणिक भ्रमण के लिए आजाद पार्क आए 49 छात्रों के समूह से एक छात्र लापता हो गया है। छात्र के अचानक लापता होने से शिक्षकों में हड़कंप मच गया।
विस्तार
मेजा के जवाहर नवोदय विद्यालय से शैक्षणिक भ्रमण के लिए आजाद पार्क आए 49 छात्रों के समूह से एक छात्र लापता हो गया है। छात्र के अचानक लापता होने से शिक्षकों में हड़कंप मच गया। छात्रों के समूह के साथ मौजूद रहे काउंसलर की तहरीर पर कर्नलगंज पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
एफआईआर के मुताबिक, जवाहर नवोदय विद्यालय मेजा के काउंसलर चंदन कुमार ने बताया कि 16 सितंबर को मेजा स्थित विद्यालय से कक्षा सात के 49 छात्रों को शिक्षक अजय कुमार तिवारी और चंदन कुमार की निगरानी में सुबह करीब 11 बजे आजाद पार्क भ्रमण के लिए लाया गया था।
पार्क में भ्रमण और भोजन कराने के बाद बच्चों को वापस बस में बैठाया जा रहा था। इसी दौरान मुख्य गेट पर हुई गिनती में एक छात्र कम मिला। लापता छात्र की पहचान हंडिया के बलीपुर बिठौली निवासी अर्पित कुमार पुत्र सतेंद्र कुमार के रूप में हुई।
शिक्षकों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन छात्र का पता नहीं चला। इसके बाद शिक्षकों ने पुलिस को सूचना दी। एसीपी कर्नलगंज विनोद यादव ने बताया कि लापता छात्र की खोजबीन की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।