कुप्रथा का अंत, मुस्लिम महिलाओं को मिली आजादी: सायरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्यसभा में तीन तलाक बिल को मंजूरी मिलने के बाद इस लड़ाई की शुरुआत करने वाली प्रयागराज की बहू सायरा बानो ने इसे मुस्लिम महिलाओं की आजादी की लड़ाई की सबसे बड़ी जीत बताया। सायरा ने कहा कि यह दिन मुस्लिम महिलाओं की आजादी के दिन के रूप में हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा।
तीन तलाक पर राज्यसभा में विधेयक पारित होने के बाद सायरा की खुशी का ठिकाना नहीं है। यह वही सायरा हैं, जिन्होंने तीन तलाक के खिलाफ इस लड़ाई को शुरू किया था और मंगलवार को आखिरकार जीत दर्ज हो गई। मूल रूप से उत्तराखंड के काशीपुर की रहने वाली सायरा का प्रयागराज के गौस नगर करेली निवासी प्रॉपर्टी डीलर रिजवान अहमद के साथ निकाह हुआ था।
रिजवान ने सायरा की तबीयत खराब होने को आधार बनाते हुए उन्हें 10 अक्तूबर 2015 को तलाक दे दिया था। इसके बाद सायरा इस मसले को लेकर 23 फरवरी 2016 को अदालत में गईं। सायरा के दो बच्चों में से एक बेटी और एक बेटा हैं, जो पिता के पास ही रह रहे हैं। इसी शहर के सदर बाजार में सायरा का ननिहाल भी है।
राज्यसभा में तीन तलाक बिल पारित होने के बाद अमर उजाला से बातचीत में सायरा ने कहा कि अब तीन तलाक की कुप्रथा से मुस्लिम महिलाओं को मुक्ति मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इसके साथ ही अब मुस्लिम महिलाओं का सामाजिक विकास भी हो सकेगा।
इस मसले पर सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद पहले ही उन्हें मजबूती मिली थी, अब इस बारे में कानून आने के बाद उन्हें और ताकत मिल गई है। सायरा ने कहा कि दरअसल लोगों में कानून का डर होता है। इस कानून के आने के बाद तीन तलाक देने वालों को सजा मिल सकेगी। जो इसके विरोध में जाएगा, उसे भी सजा होगी। इसके चलते ऐसा करने वाले दूसरे लोग भी डरेंगे। यह कानून मुस्लिम महिलाओं के हक में है। अब उम्मीद है कि धीरे-धीरे देश से यह प्रथा पूरी तरह से खत्म हो जाएगी।
मुस्लिम महिलाओं ने भाजपा के झंडे लहराए, मिठाई बांटी
तीन तलाक बिल राज्यसभा में पारित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया और मिठाई बांटी। कहा कि केंद्र सरकार ने राज्यसभा में तीन तलाक बिल पास कराकर मुस्लिम महिलाओं के साथ धर्म की आड़ में हो रहे अत्याचार पर अंकुश लगा दिया है। इसी के साथ इस मसले पर कानून बनाकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने मुस्लिम महिलाओं के उत्थान के अपने संकल्प को पूरा कर दिया है।
मुस्लिम महिलाओं ने तीन तलाक बिल राज्यसभा में पास होने पर सदर बाजार में भाजपा का ध्वज लेकर जश्न मनाया। एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाईं और खुशियां बांटी। इस मौके पर भाजपा के प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव ने कहा कि इस ऐतिहासिक बिल केपारित होने की देश में ही नहीं, वरन पूरे विश्व में सराहना हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ- सबका विकास और सबका विश्वास’ के ध्येय वाक्य को साकार कर दिया है। मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक के दलदल से उबारने के लिए उठाए गए इस कदम की हर तरफ सराहना की जा रही है। इस अवसर पर नादिर खान, बरखा प्रकाश, रेशमा, नाजिमा, साजमीन, गुड़िया, मुश्ताक अहमद, संदीप चौहान उपस्थित थे।