प्रयागराज : नैनी सेंट्रल जेल के कैदी की इलाज के दौरान मौत, सोमवार को होगा पोस्टमार्टम
नैनी सेंट्रल जेल में बंद 34 वर्षीय कैदी की रविवार को तबीयत बिगड़ने के बाद एसआरएन अस्पताल में मौत हो गई। हत्या के मामले में 10 साल से जेल में बंद शिबू की मौत के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कागजात के इंतजार में अटकी रही।
विस्तार
नैनी सेंट्रल जेल में बंद एक कैदी की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। कैदी शिबू (34) की रविवार दोपहर जेल में अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रविवार शाम उसकी मौत हो गई। जरूरी कागजात उपलब्ध नहीं होने के कारण अब तक उसका पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाना है।
मृतक के भाई शेर अली के मुताबिक, उन्हें मिली जानकारी के अनुसार रविवार शाम 4:02 बजे शिबू को अस्पताल लाया गया था। इसके करीब 48 मिनट बाद शाम 4:50 बजे उसकी मौत हो गई।
शेर अली ने बताया कि शिबू हत्या के एक मामले में पिछले 10 वर्षों से जेल में बंद था। मूल रूप से वह प्रतापगढ़ के कोतवाली थाना क्षेत्र का रहने वाला था। जेल जाने से पहले वह अपनी पत्नी और बच्ची के साथ मऊआइमा में रहता था। फिलहाल जरूरी दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण पोस्टमार्टम में देरी हुई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद ही शव परिजनों को सौंपे जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
