शाहनवाज हुसैन बोले : सिंगला कंपनी को देश भर में मिलेे ठेकों की हो जांच, अब तक कार्रवाई न होने पर उठाए सवाल
महाकुंभ से पहले तैयार होने वाली सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक सिक्स लेन पुल को लेकर शाहनवाज ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ को सावधान रहने के लिए कहा। प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अमर उजाला कार्यालय पहुंचे शाहनवाज ने सिंगला कंपनी पर अब तक कार्रवाई न होने को लेकर भी सवाल उठाए।
विस्तार
पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने बिहार के भागलपुर स्थित सुल्तानगंज में 17 सौ करोड़ की लागत वाले पुल के ढहने के बाद मंगलवार को सिंगला कंपनी को देश भर में मिले ठेकों की उच्चस्तरीय जांच कराने का आग्रह किया। सुल्तानगंज में पुल बनाने वाली सिंगला कंपनी ही प्रयागराज में 20 हजार करोड़ रुपये की लागत से सिक्स लेन पुल का निर्माण करा रही है।
महाकुंभ से पहले तैयार होने वाली सबसे बड़ी परियोजनाओं में से एक सिक्स लेन पुल को लेकर शाहनवाज ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ को सावधान रहने के लिए कहा। प्रबुद्ध सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद अमर उजाला कार्यालय पहुंचे शाहनवाज ने सिंगला कंपनी पर अब तक कार्रवाई न होने को लेकर भी सवाल उठाए।
यह पूछने पर कि क्या सिंगला कंपनी को शीर्ष स्तर पर किसी का राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है? उनका कहना था कि संभव है कि ऐसा ही हो, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि तास के पत्ते की तरह ढहे भ्रष्टाचार के इस पुल के साथ 17 सौ करोड़ रुपये पानी में बह गए। जबकि, नौ सौ करोड़ रुपये में बने नए संसद भवन को नरेंद्र मोदी सरकार ने पूरी दुनिया में डंका बजा दिया।
2024 में यूपी में जीरो पर आउट होंगे अखिलेश
शाहनवाज का कहना था कि सुल्तानगंज में पुल पिलर 60 फीट गहराई से खड़े किए जाने थे,लेकिन 40 मीटर पर ही खड़ा कर दिए गए थे। एनएचएआई को इस गड़बड़ी का संज्ञान लेना चाहिए। प्रयागराज। कर्नाटक विस चुनाव में भाजपा की पराजय का एमपी विस चुनाव और आगामी लोकसभा चुनाव पर कितना असर पड़ने वाला है, इस पर उनका कहना था कि विपक्ष बिखर चुका है।
कांग्रेस ही विपक्षी एकजुटता की हवा निकाल चुकी है। राहुल गांधी विदेश में जाकर दुष्प्रचार करते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। आने वाले लोस चुनाव में मोदी की लहर नहीं कहर के आगे विपक्ष हवा हो जाएगा। जिस तरह बिहार में लालू प्रसाद यादव 2019 के चुनाव में जीरो पर आउट हुए थे, वही हाल यूपी में अखिलेश यादव का होगा।