स्कूलों में कम होगा प्रमुख विषयों का कोर्स 0 सीबीएसई ने देश भर स्कूलों के प्रधानाचार्यों से मांगे सुझाव प्रयागराज। लॉकडाउन के कारण सीबीएसई अपने पाठ्यक्रम में बदलाव करने जा रहा है। बोर्ड की ओर से नौवीं से बारहवीं तक के कोर्स को कम करने लिए प्रधानाचार्यों से राय मांगी गई है। इस संबंध में निजी स्कूलों से भी सुझाव मांगे गए हैं। बोर्ड की ओर से जिन विषयों के कोर्स में बदलाव किया जा रहा है, उसमें ग्यारहवीं और बारहवीं के जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, अर्थशास्त्र, इंग्लिश कोर, भौतिक विज्ञान और गणित के कुछ यूनिट शामिल हैं। नौवीं में इंग्लिश लैंग्वेज एंड लिटरेचर, हिंदी ए, हिंदी बी विषय के कोर्स में भी कुछ पाठ और दसवीं में सामाजिक विज्ञान के कोर्स में भी बदलाव होगा। सीबीएसई की ओर से यह पहल बच्चों को कोर्स के बोझ से बचाने के लिए की जा रही है। इससे पहले एनसीईआरटी ने प्राथमिक और जूनियर कक्षाओं के कोर्स को कम किया था। बोर्ड की ओर से कुछ कम महत्व के पाठ हटाकर बच्चों को राहत दी जाएगी। इस संबंध में स्थानीय स्तर पर स्कूलों के प्रधानाचार्यों से राय मांगी गई है। बोर्ड ने यह पहल लॉकडाउन से हुए नुकसान से बचाने के लिए की है। गंगागुरुकुलम की प्रधानाचार्या अल्पना डे ने बताया कि सीबीएसई की ओर से लॉकडाउन के कारण कोर्स को कम करने को लेकर स्कूलों के साथ चर्चा की जा रही है। स्कूल अपना सुझाव बोर्ड के पास भेजेंगे।