प्रमुख सचिव बोले : समय से पूरा करें प्रयागराज-रायबरेली व रिंग रोड के काम, दूसरे प्रोजेक्ट से मंगाई जाए सामग्री
प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने बुधवार को कुंभ से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उनके आने के कुछ घंटे पहले रातों-रात एसटीपी प्लांट के भीतर की आरसीसी सड़क बनाई गई। झूंसी में प्रमुख सचिव ने एसटीपी प्लांट का निरीक्षण करते हुए प्लांट के भीतर पौधरोपण भी किया।
विस्तार
रिंग रोड, प्रयागराज-रायबरेली मार्ग तथा छह लेन पुल के काम तय सीमा में ही पूरा करने होंगे। इसके लिए दूसरे प्रोजेक्ट से सामग्री एवं मैन पावर मंगाए जाएंगे। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएचएआई) के अध्यक्ष संतोष यादव एवं प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने बुधवार को महाकुंभ की दृष्टि से महत्वपूर्ण तीनों परियोजनाओं की समीक्षा की। इनके काम की प्रगति काफी धीमी है। प्रमुख सचिव की मंगलवार को हुई बैठक में यह मुद्दा उठा था। बुधवार को भी इस पर विस्तार से चर्चा हुई।
एनएचएआई के चेयरमैन ने देरी का कारण पूछा तो अफसरों ने राख समेत कई तरह की सामग्रियों की कमी को बताया। इसके अलावा भी कई बाधाओं की बात उठी। इस पर चेयरमैन ने एनएचएआई के अन्य परियोजनाओं से संसाधन मंगाने के निर्देश दिए। साथ ही काम में तेजी लाने के लिए कहा। अध्यक्ष ने कहा कि इन कार्यों का साप्ताहिक प्लान बनाकर उसके सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 15 दिनों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से खुद भी बैठक लेने की बात कही।
अध्यक्ष ने एनएचएआई की सड़कों के संचालन में मरम्मत कार्य के लिए भी विशेष टीम बनाने के साथ उसका लीडर नियुक्त करने के निर्देश दिए। बैठक में सड़कों के आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करने, महाकुंभ के दौरान आधुनिक सुविधाओं वाले एंबुलेंस की व्यवस्था करने, डिवाइडर पर पेंटिंग, फॉग रिफ्लेक्टर, प्रकाश आदि बिंदुओं पर भी चर्चा हुई तथा अध्यक्ष ने जरूरी निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संस्थाओं की ओर से बनाई जा रहीं सड़कों की प्रगति की समीक्षा की तथा जरूरी निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान, अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर, मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, डीएम अरविंद कुमार मांदड़ आदि मौजूद रहे।
टोल पर तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी
एनएचएआई के अध्यक्ष ने सड़कों के साथ टोल प्लाजा के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने वहां पेजयल, शौचालय आदि की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने कहा कि टोल प्लाजा पर कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में ही ड्यूटी लगाई जाए। उनका कहना था कि अक्सर देखा जाता है कि दो शिफ्ट में ड्यूटी लगाई जाती है। ऐसे में लगातार 12 घंटे काम करने के कारण उन पर थकान हावी हो जाती है। उन्होंने महाकुंभ के दौरान तीन शिफ्ट में यानी, आठ घंटे की ड्यूटी लिए जाने के निर्देश दिए। अध्यक्ष ने महाकुंभ से संबंधित मार्गों के टोल प्लाजा पर नियुक्त कर्मचारियों को अच्छे व्यवहार को लेकर प्रशिक्षित किए जाने के भी निर्देश दिए।