बारिश के रोकी ट्रेनों की रफ्तार : पानी में डूबा प्रयागराज-मुंबई रेलमार्ग, लगा ट्रेन चलाएं या नाव
Railway News : भारी बारिश ने प्रयागराज-मुंबई रेल रूट की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। शनिवार सुबह चितहरा स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पानी में डूबने से अप और डाउन दोनों लाइनें प्रभावित हो गईं। करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेनों का संचालन बाधित रहा, जिससे रेल महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही प्रयागराज-मुंबई रूट की ट्रेनों को एहतियातन रोक दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारी बारिश के चलते शनिवार की सुबह प्रयागराज-मुंबई पर रेल संचालन तकरीबन डेढ़ घंटे बाधित रहा। उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रयागराज मंडल के मानिकपुर-सतना रेल खंड के चितहरा रेलवे स्टेशन के आसपास अप और डाउन लाइनें पूरी तरह से पानी में डूब गईं। यह जानकारी मिलते ही रेल महकमे में हड़कंप मच गया। सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय जबलपुर ने प्रयागराज मंडल के रेल मंडल प्रबंधक कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम को इसकी सूचना भेजी। इसके बाद प्रयागराज से मुंबई रूट की तरफ जाने वाली ट्रेनों को रोके जाने का फरमान जारी कर दिया गया।
इस दौरान 12428 आनंद विहार-रीवा को मानिकपुर स्टेशन पर, 13201 राजेंद्र नगर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल को डभौरा, 11304 दरभंगा-पुणे एक्सप्रेस को बरगढ़ स्टेशन और 09344 पटना-डॉ. अंबेडकरनगर स्पेशल को प्रयागराज के शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन पर रोका गया। इस बीच चितहरा रेलवे स्टेशन के आसपास जलभराव वाले रेलवे ट्रैक पर दो मालगाड़ियां फंस गईं। उनके चालकों ने कंट्रोल रूम में जलभराव का वीडियो भी साझा किया।
किसी तरह से बाद में कॉशन लेकर धीमी गति से मालगाड़ियों को आगे बढ़ाया गया। सुबह 10 बजे के बाद ही रेलवे ट्रैक से पानी निकला और ट्रेनों की आवाजाही सामान्य कर दी गई। इस संबंध में एनसीआर रेलवे के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा का कहना है कि बारिश के चलते रेलवे ट्रैक पर पानी भर गया था, जो अब निकाल लिया गया है।