रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ : रेलवे की विभागीय पदोन्नति परीक्षा निरस्त, जारी होगा नया शेड्यूल
जीडीसीई के तहत रेलवे में कार्यरत कर्मचारी अपनी पदोन्नति के लिए परीक्षा देते हैं। उत्तर मध्य रेलवे की बात करें तो वर्ष 2019 में जीडीसीई परीक्षा का विज्ञापन निकाला गया था। परीक्षा आरआरसी प्रयागराज को करवानी थी।
विस्तार
रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी) की सामान्य विभागीय प्रतियोगी परीक्षा (जीडीसीई) 2019 परीक्षा को निरस्त कर दिया गया है। परीक्षा निरस्त किए जाने का अभ्यर्थियों ने स्वागत किया है। उनका का कहना है कि पेपर लीक होने से यह परीक्षा और पहले ही निरस्त हो जानी चाहिए थी।
जीडीसीई के तहत रेलवे में कार्यरत कर्मचारी अपनी पदोन्नति के लिए परीक्षा देते हैं। उत्तर मध्य रेलवे की बात करें तो वर्ष 2019 में जीडीसीई परीक्षा का विज्ञापन निकाला गया था। परीक्षा आरआरसी प्रयागराज को करवानी थी। 2021 में परीक्षा चार से छह अगस्त तक हुई। तब अभ्यर्थियों ने सीबीटी (कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट) दिया था। परीक्षा में काफी संख्या में अभ्यर्थियों ने 100 अंकों में से 95 से 99 नंबर तक प्राप्त किए। टूंडला में ऐसे अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा रही।
पेपर लीक की शिकायत रेलवे बोर्ड तक पहुंची। रेल यूनियनों ने भी यह मामला उठाया। फिलहाल, अब जाकर आरआरसी प्रयागराज के अध्यक्ष ने परीक्षा निरस्त किए जाने का नोटिस जारी किया है। यह नोटिस आरआरसी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है। उक्त परीक्षा में शामिल हो चुके तमाम अभ्यर्थियों का कहना है कि देर से ही सही आखिर हमें न्याय मिल गया। इस बारे में उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय का कहना है कि परीक्षा की नई तिथि जल्द ही जारी की जाएगी।