Railway Passenger News : झुंझनू के चक्कर में बीकानेर सुपरफास्ट का तीन दिन ज्यादा देना होगा किराया
प्रयागराज-जयपुर सुपरफास्ट का एक अक्तूबर से रेलवे द्वारा बीकानेर तक के लिए विस्तार किया जा रहा है। ट्रेन का बीकानेर तक विस्तार होने से प्रयागराज से सीकर, फतेहपुर शेखावटी, चुरू, रतनगढ़ के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी हो गई है।
विस्तार
प्रयागराज से जयपुर के लिए चल रही सुपरफास्ट ट्रेन को रेलवे एक अक्तूबर से बीकानेर तक चलाएगा। ट्रेन का संचालन भले ही बीकानेर तक हो लेकिन सप्ताह में तीन दिन प्रयागराज से बीकानेर की दूरी 138 किमी ज्यादा हो जाएगी। इस दौरान प्रयागराज, कानपुर, इटावा, आगरा से जिन यात्रियों को बीकानेर की सफर करना है उन्हें ट्रेन में सफर करने के लिए ज्यादा किराया चुकाना होगा। प्रयागराज की ही बात करें तो यहां से बीकानेर के लिए यात्रियों को अलग-अलग श्रेणी में 35 रुपये से 230 रुपये अतिरिक्त किराया भी चुकाना होगा। साथ ही सफर का समय भी 3.30 घंटे ज्यादा हो जाएगा।
दरअसल प्रयागराज-जयपुर सुपरफास्ट का एक अक्तूबर से रेलवे द्वारा बीकानेर तक के लिए विस्तार किया जा रहा है। ट्रेन का बीकानेर तक विस्तार होने से प्रयागराज से सीकर, फतेहपुर शेखावटी, चुरू, रतनगढ़ के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी हो गई है। ऐसे में एक अक्तूबर से यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन से रात 11.10 बजे चलकर अगले दिन शाम 7.55 बजे बीकानेर पहुंच जाएगी। हालांकि, यात्रियों को यह सुविधा सप्ताह में सिर्फ चार दिन ही मिलेगी।
बाकी के तीन दिन एक दूसरे नंबर से यह ट्रेन वाया झुंझनूू, चिरवा के रास्ते बीकानेर का सफर तय करेगी। इस वजह से प्रयागराज से बीकानेर की दूरी 138 किलोमीटर ज्यादा हो जाएगी। इतना ही नहीं ट्रेन प्रयागराज से रात 11.10 बजे भले ही रवाना हो लेकिन वाया झुंझनू होकर जाने की वजह से वह बीकानेर रात 10.25 बजे पहुंच पाएगी। इन तीन दिनों में यात्रियों को बीकानेर का सभी श्रेणियों में किराया भी ज्यादा देना होगा।
सांसद की वजह से यात्रियों की जेब पर पड़ रही चोट
प्रयागराज-जयपुर सुपरफास्ट का बीकानेर तक विस्तार होने के बाद उसमें रिजर्वेशन भी शुरू हो गया है। ट्रेन पहले वाया सीकर, फतेहपुर शेखावटी, चुरू के रास्ते चलने थी, लेकिन स्थानीय सांसद राहुल कस्वां ने इसे वाया रींगस, सीकर, झुंझनू , लुहारू, सादुलपुर से संचालित करवाने के लिए अपना एड़ी चोटी का जोर लगा दिया। जयपुर से वाया फतेहपुर शेखावटी होकर बीकानेर की दूरी 378 किमी है, जबकि वाया झुंझनू ट्रेन की दूरी 516 किमी है।
अभी एक ही रैक को दो अलग-अलग ट्रेन बनाकर किया जा रहा संचालित
प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस वर्तमान में जयपुर तक गाड़ी संख्या 12403 के रूप में संचालित हो रही है। वहां से वही रैक सप्ताह में चार दिन मंगल, बुध, शुक्र एवं रवि को गाड़ी संख्या 04703 के रूप में वाया फतेहपुर शेखावटी एवं सोम, बृहस्पति एवं शनि को गाड़ी संख्या 04705 बनकर वाया झुंझनूू बीकानेर के लिए चल रहा है। एक अक्तूबर से यह पूरा रैक सप्ताह में चार दिन 12403 एवं तीन वाया झुंझनू गाड़ी संख्या 20403 के रूप में संचालित होगा।
प्रयागराज से बीकानेर के लिए किराये का अंतर
क्लास वाया फतेहपुर शेखावटी वाया झुंझनू
स्लीपर 565 600
एसी थ्री ई 1385 1480
एसी थ्री 1490 1575
एसी टू 2120 2255
एसी फर्स्ट 3590 3820
डीआरयूसीसी की बैठक में उठाया जाएगा मुद्दा
जयपुर सुपरफास्ट का सप्ताह में तीन झुंझनू के रास्ते संचालन करने के मामले पर मंडलीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री (डीआरयूसीसी) सदस्य पवन श्रीवास्तव ने कहा कि ट्रेन छोटे रूट से ही चलनी चाहिए। ताकि यात्री अपने गंतव्य तक जल्द पहुंच सके। उन्होंने कहा कि यह मामला डीआरयूसीसी की बैठक में उठाया जाएगा।