Railway News : प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन पर पटरी से उतरा बरेली एक्सप्रेस का इंजन, बड़ा हादसा होने से बचा
प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन पर बरेली से प्रयागराज आ रही बरेली एक्सप्रेस का इंजन पटरी से उतर गया। हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन की गति काफी धीमी थी और ट्रेन रुकने ही वाली थी कि पहिए पटरी से उतर गए। इससे दो घंटे तक रूट पर आवागमन बाधित रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली से प्रयागराज संगम आने वाली बरेली एक्सप्रेस का इंजन बुधवार सुबह प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन के यार्ड पर पटरी से उतर गया। सुबह 5:20 बजे हादसे के बाद स्टेशन पर हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस दौरान ट्रेन की स्पीड धीमी थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। तकरीबन पांच घंटे के बाद इंजन को पटरी पर चढ़ाया जा सका। इस दौरान प्रयागराज संगम से प्रयाग जंक्शन के बीच दो घंटे रेल संचालन ठप रहा। वहीं, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल ने मामले में जांच बैठा दी है।
बरेली से प्रयागराज संगम आने वाली गाड़ी संख्या 14308 का प्रयागराज संगम पहुंचने का समय रात 3:10 बजे है। लखनऊ के बाद यह घंटेभर से ज्यादा विलंब चल रही थी। सुबह 5:10 बजे ट्रेन प्रयाग से प्रयागराज संगम के लिए चली। प्रयागराज संगम के यार्ड में सुबह 5:20 बजे तेज आवाज के साथ ट्रेन का इलेक्टि्रक इंजन पटरी से उतर गया। इसकी जानकारी प्रयाग और संगम स्टेशन पर तैनात रेलकर्मियों को मिली तो वह घटनास्थल की ओर भागे। वहां जाकर मालूम पड़ा कि इंजन के छह पहिए पटरी से उतर गए हैं। इससे उसमें बैठे यात्री भी हड़बड़ा गए।
आननफानन यात्री ट्रेन से नीचे उतरने शुरू हो गए। घटनास्थल से प्रयागराज संगम के प्लेटफॉर्म की दूरी 500 मीटर से कम होने की वजह से उसमें सवार यात्री ट्रैक से ही स्टेशन पहुंच गए। यात्रियों ने बताया कि उन्हें पहले तेज आवाज आई और झटका लगा। इसके बाद ट्रेन रुक गई। सूचना के बाद रेलवे के तमाम अफसर, स्टेशन मैनेजर वीके यादव एवं तकनीकी विभाग के कर्मचारी पहुंच गए। घटना क्यों हुई, इसका रेलवे अफसर अभी जवाब देने से कतरा रहे हैं। वहीं, चर्चा यह भी है कि घटनास्थल से कुछ पेंड्रोल क्लिप इधर-उधर बिखरी थी।
पांच घंटे में पटरी पर चढ़ाया जा सका इंजन
घटना के बाद उत्तर मध्य रेलवे से भी एक टीम मौके पर भेजी गई। वहीं, प्रयागराज संगम से प्रयाग जंक्शन के बीच दो घंटे ट्रेनों की आवाजाही ठप रही। लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस सुबह 5:40 की जगह 7:25 बजे रवाना हो सकी। जौनपुर जाने वाली एजे पैसेंजर भी विलंब से रवाना हुई। गाड़ी संख्या 14142 नौचंदी एक्सप्रेस सुबह 8:15 से 10:10 बजे तक लालगोपालगंज में खड़ी रही, जो 9:20 की जगह 12:05 बजे प्रयागराज संगम पहुंची।
इसी तरह 14210 लखनऊ-प्रयागराज संगम इंटरसिटी एक्सप्रेस भी रोकते हुई लाई गई। इससे इंटरसिटी 11:40 की जगह दोपहर 2:50 बजे पहुंची। ट्रेनों के विलंब से पहुंचने की वजह से यात्रियों को भी परेशानी हुई। स्टेशन मैनेजर वीके यादव ने बताया कि सुबह 10:25 बजे इंजन पटरी पर चढ़ा लिया गया था।
घटना का कारण अभी मालूम नहीं है। रेलवे ने पूरे मामले की जांच कराने का निर्णय लिया है। घटना के जो भी कारण होंगे, वह जांच पूरी होने के बाद सामने आएंगे। पेंड्रोल क्लिप नहीं होने की बात गलत है। - शिवेंद्र शुक्ला, एडीआरएम, लखनऊ मंडल