रेल मंत्री बोले : महाकुंभ में रेलवे के इंतजामों पर मेरी ओर से 10 में 20 अंक, रेलकर्मियों के सामंजस्य को सराहा
रेलवे के जीएम, डीआरएम, स्टेट पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ किसी के बीच कोई भेदभाव नहीं रहा। सभी ने एक टीम के रूप में काम किया है। इसी वजह से महाकुंभ में 13 हजार ट्रेनों की प्लानिंग थी, लेकिन मेला समाप्त होते-होते 16 हजार से ज्यादा ट्रेनें चल गईं।
विस्तार
महाकुंभ समाप्त होने के बाद रेलवे के अफसरों व कर्मचारियों को धन्यवाद देने के लिए प्रयागराज पहुंचे रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अगले कुंभ में इस बार की डबल प्लानिंग रहेगी। ताकि, अगले अर्द्धकुंभ में और अच्छे इंतजाम हों। महाकुंभ में रेलवे के इंतजामों पर खुश होकर उन्होंने कहा कि मैं 10 में 20 मार्क्स देता हूं।
रेलवे के जीएम, डीआरएम, स्टेट पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ किसी के बीच कोई भेदभाव नहीं रहा। सभी ने एक टीम के रूप में काम किया है। इसी वजह से महाकुंभ में 13 हजार ट्रेनों की प्लानिंग थी, लेकिन मेला समाप्त होते-होते 16 हजार से ज्यादा ट्रेनें चल गईं। इस दौरान भारतीय रेलवे से साढ़े चार से पांच करोड़ के आसपास श्रद्धालुओं का यहां आगमन व प्रस्थान हुआ।
प्रयागराज जंक्शन के यात्री आश्रयस्थल पर बातचीत के दौरान रेलमंत्री ने चेयरमैन रेलवे बोर्ड सतीश कुमार, जीएम एनसीआर उपेंद्र चंद्र जोशी व डीआरएम हिमांशु बडोनी की मौजूदगी में कहा कि महाकुंभ में पीएम मोदी, गृहमंत्री अमित शाह एवं सीएम योगी लगातार हमारे संपर्क में रहे। इसका हमें काफी लाभ भी मिला। महाकुंभ से काफी कुछ चीज सीखने को मिली।
हमने मेंटेनेंस पर जो फोकस किया, उसका बहुत लाभ हुआ। एक भी इंजन फेल नहीं हुआ। कहीं कोई ट्रैक में दिक्कत नहीं आई। कहीं कोई ओवरहेड वायर फेल नहीं हुआ। इस दौरान रेलमंत्री ने यूपी, बिहार एवं मध्य प्रदेश के सीएम का भी आभार जताया। कहा कि इन लोगों ने हमारा लगातार सहयोग किया।
महाकुंभ की ढाई साल से चल रही थी तैयारी
रेलमंत्री ने कहा कि महाकुंभ के दौरान सभी ने श्रद्धाभाव के साथ काम किया। ढाई साल से सभी ने बड़ी मेहनत की। इस दौरान पांच हजार करोड़ का इन्वेस्टमेंट किया गया। प्रयागराज में 21 से ज्यादा फ्लाईओवर, अंडर पास बनाए गए। गंगाजी पर बड़ा रेल पुल बना। स्टेशनों पर आश्रयस्थल बनाए गए। फुट ओवरब्रिज नए तरीके से बनाए गए। पीएम मोदी ने एक चीज हमें सिखाई कि महाकुंभ में श्रद्धालु हैं, उनकी भक्ति में हम कैसे शामिल हों, इसी सोच के साथ हमें काम करना है। आस्था के इस महाकुंभ में सभी विभाग जैसे रेलवे, प्रशासन, सिविल डिफेंस, आरपीएफ, जीआरपी सबने एक साथ मिलकर मेहनत की। महाकुंभ हमारी आस्था और एकता का बहुत बड़ा परिचायक है। इतने भव्य और दिव्य आयोजन के लिए पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी धन्यवाद के पात्र हैं।
बहुत काम आया खुसरोबाग होल्डिंग एरिया
संवाददाताओं से बातचीत में रेलमंत्री ने कहा कि महाकुंभ में कुछ अच्छे इनोवेशन भी हुए। खुसरोबाग होल्डिंग एरिया बहुत काम आया। इसके अलावा प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, नैनी, झूंसी, प्रयाग आदि स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया से यात्रियों का आवागमन सुगम हुआ। स्टेशनों पर 12-12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज से यात्रियों का मूवमेंट बेहतर तरीके से हो सका। इस महाकुंभ से हमें बहुत कुछ सीखने को मिला है। आने वाले समय में देश के अन्य महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन के लिए महाकुंभ के हमारे अनुभव काम आएंगे।