इलाहाबाद में बोले डिप्टी सीएम मौर्य, राहुल फिरोज खान अपने नाम के आगे से हटाएं 'गांधी'
दिल्ली के रामलीला मैदान पर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा वीर सावरकर पर दिए बयान की सूबे के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भर्त्सना की है। सोमवार को प्रयागराज आगमन पर डिप्टी सीएम ने कहा कि सावरकर का पूरा देश आदर करता है। राहुल फिरोज गांधी से मैं इतना ही कहूंगा कि वह अपने नाम के आगे से ‘गांधी’ हटा लें, क्योंकि यह नाम उनके लिए उपयुक्त नहीं है।
सर्किट हाउस में हुई अनौपचारिक बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि राहुल का बयान दर्शाता है कि कांग्रेस की कितनी घटिया मानसिकता है। राहुल के इस बयान की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी में छात्रों द्वारा पुलिस पर फेंके गए हथगोलों को लेकर केशव ने कहा कि ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कानून के हिसाब से कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा के मंदिर में कोई इस तरह से उपद्रव करें वह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील कर रही है लेकिन, कोई अगर गुंडागर्दी, तोड़फोड़ और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाएगा तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा।
देश के बाहर जाना होगा घुसपैठियों को
डिप्टी सीएम ने कहा कि पाकिस्तान हो या फिर बांग्लादेश। अगर इन देशों के घुसपैठिये हैं तो उन्हें हर हाल में देश के बाहर जाना होगा। देश में अब तक कांग्रेस पार्टी और उसकी जैसी मानसिकता रखने वाली पार्टी जैसे सपा, बसपा, टीएमसी आदि ने घुसपैठियों को संरक्षण दिया था। ये घुसपैठिये देश के गरीबों का हक मार रहे थे। जो सुविधाएं देश के गरीबों को मिलनी थी उसका लाभ घुसपैठियों को मिल रहा है।
देश में जब एनआरसी आएगा तो स्वाभाविक तौर से इस तरह के घुसपैठियों को बाहर जाना होगा। जिस तरह से पश्चिमी बंगाल और कुछ अन्य राज्य में राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का काम चल रहा है वह बहुत ही खराब बात है। पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह के नेतृत्व में घुसपैठियों के खिलाफ जो कार्रवाई होने वाली है, उसी आशंका से ग्रसित लोग इस तरह से उपद्रव को बढ़ावा दे रहे हैं। साथ ही कांग्रेस और उसके जैसी सोच वाली पार्टियां उसे हवा दे रही हैं।