ट्रिपल तलाक : लोकसेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी को व्हाट्सएप पर दिया तीन तलाक, एफआईआर दर्ज
गौस नगर करेली की रहने वाली सबा (परिवर्तित नाम) लोक सेवा आयोग में समीक्षा अधिकारी हैं। उनका निकाह 2018 में बलिया के मो. असलम के साथ हुआ था।
विस्तार
लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी को उसके पति ने व्हाट्सएप पर तीन तलाक लिखकर भेज दिया। समीक्षा अधिकारी ने पति के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराया है। पति और ससुराल वालों के खिलाफ पहले ही दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का मामला चल रहा है।
गौस नगर करेली की रहने वाली सबा (परिवर्तित नाम) लोक सेवा आयोग में समीक्षा अधिकारी हैं। उनका निकाह 2018 में बलिया के मो. असलम के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करने लगे। मारपीट और धमकी से सबा परेशान हो गई तो उसने ससुराल वालों के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज करा दिया।
कुछ दिन पहले दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी कराया था दर्ज
इसके बाद सबा ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज कराया। कुछ समय पहले असलम ने सबा को व्हाट्सएप पर ही तलाकनामा भेज दिया। उसने लिखा था कि वह तीन तलाक दे रहा है।
इसके बाद सबा ने उसे फोन किया तो उसे गाली गलौज की और कहा कि तलाक देकर वह विदेश जा रहा है। इसी मैसेज के आधार पर सबा ने करेली थाने में पति असलम के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह अधिकारों की सुरक्षा अधिनियम की धारा तीन और चार के तहत मुकदमा दर्ज कराया। एसओ करेली अनुराग शर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।