प्रयागराज : कोहरे से बिगड़ी ट्रेनों की चाल, सात घंटे देर से पहुंची प्रयागराज एक्सप्रेस
बृहस्पतिवार को देर रात से ही कोहरा लगातार बढ़ता रहा। इसका असर रेल संचालन पर ज्यादा पड़ा। दिल्ली की तरफ से आने वाली तमाम ट्रेनें घंटों लेट हो गई। वंदे भारत एक्सप्रेस की ही बात करें तो वह नई दिल्ली से तो समय पर छूटी लेकिन प्रयागराज आते-आते वंदे भारत 1.22 घंटे लेट हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साल के आखिरी दिन पड़े घने कोहरे से रेल और हवाई सेवाएं लड़खड़ा गईं। सबसे ज्यादा असर दिल्ली-हावड़ा रूट की ट्रेनों पर पड़ा। कोहरे की वजह से वीआईपी ट्रेन प्रयागराज एक्सप्रेस यहां रेंगते-रेंगते पहुंची। सुबह सात बजे आने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस सात घंटे विलंब से दोपहर दो बजे जंक्शन पहुंची। प्रयागराज एक्सप्रेस जैसा ही हाल जंक्शन आने वाली अन्य प्रमुख ट्रेनों का भी रहा। वहीं दूसरी ओर प्रयागराज एयरपोर्ट में भी कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से तमाम विमानों का आवागमन घंटों देरी से हुआ। ट्रेनों और विमानों की लेटलतीफी से यात्रियों को भी काफी परेशानी हुई।
बृहस्पतिवार को देर रात से ही कोहरा लगातार बढ़ता रहा। इसका असर रेल संचालन पर ज्यादा पड़ा। दिल्ली की तरफ से आने वाली तमाम ट्रेनें घंटों लेट हो गई। वंदे भारत एक्सप्रेस की ही बात करें तो वह नई दिल्ली से तो समय पर छूटी लेकिन प्रयागराज आते-आते वंदे भारत 1.22 घंटे लेट हो गई। वापसी में वाराणसी से आने में भी वंदे भारत एक घंटे की देरी से जंक्शन पहुंची। वीआईपी ट्रेन आनंद विहार-प्रयागराज हमसफर एक्सप्रेस सात घंटे की देरी से दिन में 1.20 बजे जंक्शन पहुंच सकी।
प्रयागराज जंक्शन पर सुबह छह बजे से आठ बजे के बीच आने वाली तमाम ट्रेनें दोपहर एक बजे के बाद ही पहुंचीं। प्रयागराज एक्सप्रेस से प्रयागराज पहुंचीं लोकनाथ की दीक्षा मालवीय ने बताया कि दिल्ली से ट्रेन अपने नियत समय रात 10.10 बजे ही चली लेकिन कोहरे की वजह से कानपुर आते-आते सुबह से साढ़े सात बज गए। फतेहपुर से प्रयागराज आने में भी चार घंटे लगे। हमसफर से पहुंचे महेवा नैनी के मृत्युंजय सिंह ने कहा कि रेलवे हर बार कोहरे से निपटने के तमाम इंतजाम करता है, लेकिन ट्रेनों की लेट लतीफी में कोई सुधार नहीं आ रहा है।
मुंबई, पुणे, दिल्ली के मुकाबले बाकी विमान रहे ज्यादा लेट
प्रयागराज एयरपोर्ट पर कोहरे की वजह से विमानों की आवाजाही दोपहर तकरीबन 12 बजे से ही शुरू हो सकी। दृश्यता कम होने की वजह से यहां सबसे पहले 11.55 बजे भुवनेश्वर फ्लाइट की लैंडिंग हुई। जबकि इस फ्लाइट के यहां आने का समय सुबह 10.30 बजे है। बंगलुरू-प्रयागराज फ्लाइट की सुबह 10.55 की जगह 12.10 बजे और रायपुर-प्रयागराज उड़ान 11.15 की जगह 1.10 बजे ही यहां पहुंच सकी।
इसी तरह देहरादून से आने वाला विमान दिन में 12 बजे की जगह दोपहर 1.30 बजे यहां पहुंच सका। प्रयागराज-भोपाल उड़ान 2.50 बजे की जगह शाम 4.06 बजे, इंदौर उड़ान 12.10 बजे की जगह 1.10 बजे, गोरखपुर उड़ान 12 की जगह 1.45 बजे यहां से रवाना हुई। दिल्ली, मुंबई और पुणे उड़ान के अलावा अन्य सभी फ्लाइटें ज्यादा विलंबित रहीं।