Prayagraj : यातायात व्यवस्था हुई धड़ाम, जाम ने जश्न किया फीका, नए साल पर चौतरफा जाम
नए साल के जश्न में रविवार को ट्रैफिक जाम ने जमकर खलल डाला। हाल यह रहा कि मिनटों की दूरी तय करने में घंटों लग गए और कई लोगों का तो पिकनिक का प्लान भी धरा रह गया। वाहन रेंगते रहे और पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नए साल के जश्न में रविवार को ट्रैफिक जाम ने जमकर खलल डाला। हाल यह रहा कि मिनटों की दूरी तय करने में घंटों लग गए और कई लोगों का तो पिकनिक का प्लान भी धरा रह गया। वाहन रेंगते रहे और पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहे। नए साल पर रविवार को बड़ी संख्या में घूमने के लिए शहरी घरों से निकले। मॉल, मार्केट के साथ ही बड़ी संख्या में लोगों ने संगम क्षेत्र का रुख किया। दोपहर बाद हालात कुछ ऐसे हुए कि संगम क्षेत्र तक जाने वाले हर मार्ग पर चौतरफा वाहनों की कतार लग गई। फिर चाहे वह जीटी जवाहर चौराहा रहा हो या बैरहना का बांगड़ चौराहा। परेड में भी वाहनों की कतार लगी रही।
त्रिवेणी मार्ग, काली सड़क, लाल सड़क के साथ ही संगम तक जाने वाले हर रास्ते पर वाहन ही वाहन दिखे। संगम क्षेत्र में वाहनों के दबाव का असर यह रहा कि आसपास के कई इलाकों में भी यातायात प्रभावित हो गया। नए यमुना पुल के साथ ही सोहबतियाबाग तक वाहन रेंगते रहे। इधर बैरहना से लेकर बाई का बाग और अलोपीबाग से लेकर अल्लापुर तक जाम लगा रहा।
चौतरफा जाम से राहगीरों की फजीहत हुई। इस दौरान मिनटों का सफर तय करने में घंटों लग गए। उधर शहर में यातायात का सबसे ज्यादा दबाव सिविल लाइंस में रहा। एमजी मार्ग पर हनुमान मंदिर चौराहे के पास भीषण जाम लगा रहा। दोपहर बाद से शुरू हुई यह स्थिति देर शाम तक बनी रही। वाहनों का दबाव कुछ ऐसा रहा कि यातायात ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक ही बने रहे। जैसे.जैसे दिन ढलता गया यातायात का दबाव और बढ़ता गया। शाम तक हालात बद से बदतर हो गए।
यातायात पुलिस के साथ ही संबंधित थाने की पुलिस भी यातायात सुचारू करने में लगी रही, लेकिन देर शाम तक स्थिति जस की तस बनी थी। एसपी ट्रैफिक सीताराम का कहना है कि नव वर्ष पर बड़ी संख्या में लोग वाहन लेकर घूमने के लिए निकले। काफी संख्या में ई रिक्शा, टेंपो आदि से भी नए साल का जश्न मनाने के लिए लोग बाहर निकले। इसी का नतीजा रहा कि वाहनों का दबाव बढ़ गया और कहीं-कहीं पर यातायात प्रभावित हुआ।