Prayagraj Police : 13 दागी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, गैर जनपद किया गया स्थानांतरण
जिन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है, उनके संबंध में एडीजी जोन कार्यालय में लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। इनमें अन्य शिकायतों समेत भ्रष्टाचार व अन्य अनियमित गतिविधियों में लिप्त होने की भी शिकायत शामिल थी। एडीजी जोन की ओर से इन शिकायतों का संज्ञान लेकर गोपनीय जांच कराई गई।
विस्तार
अपनी करतूतों से पुलिस महकमे को बदनाम करने वाले 13 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का चाबुक चलाया गया। एडीजी जोन प्रेमप्रकाश ने इन सभी को जिले व उनकी वर्तमान तैनाती स्थल से हटाकर प्रतापगढ़ भेज दिया। इनमें एसओजी टीम में मौजूदा समय में तैनात और पूर्व में तैनात रहे पुलिसकर्मी शामिल हैं। कार्रवाई से जिला पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है।
जिन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है, उनके संबंध में एडीजी जोन कार्यालय में लगातार शिकायतें पहुंच रही थीं। इनमें अन्य शिकायतों समेत भ्रष्टाचार व अन्य अनियमित गतिविधियों में लिप्त होने की भी शिकायत शामिल थी। एडीजी जोन की ओर से इन शिकायतों का संज्ञान लेकर गोपनीय जांच कराई गई। इसमें प्रथमदृष्टया शिकायतें सही मिलने पर इनके खिलाफ कार्रवाई की गई। सूत्रों का कहना है कि फिलहाल इन्हें जिले व वर्तमान तैनाती स्थल से हटाकर प्रतापगढ़ भेजा गया है।
इन पर हुई कार्रवाई
जिन 13 पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें धर्मेंद्र यादव, रमेश पटेल, जियाउद्दीन, रविदेव सिंह यादव, याकूब, अनिल सिंह व आलोक मिश्रा शामिल हैं। आलोक कुछ दिनों पहले ही आईपीएल सट्टा गिरोह से सांठगांठ में टैगोटाउन चौकी प्रभारी मनीष जायसवाल समेत पांच अन्य संग निलंबित किया जा चुका है। इनके अलावा साइबर थाना में तैनात रविसेन सिंह और संबद्ध अतुल सिंह, चुनाव कार्यालय में तैनात अवनीश व दीपक सिंह और पुलिस लाइन से अभय सिंह व शक्ति सिंह को प्रतापगढ़ भेजा गया है।
शिकायतों पर यह कार्रवाई की गई है। निलंबित आलोक मिश्रा को प्रतापगढ़ पुलिस लाइन भेजा गया है जबकि अन्य को प्रतापगढ़ में विशेष ड्यूटी में लगाया गया है। साथ ही एसपी प्रतापगढ़ को निर्देशित किया गया है कि वह इन पुलिसकर्मियों पर कड़ी नजर रखें। - प्रेमप्रकाश, एडीजी प्रयागराज जोन