Prayagraj News: प्रयागराज में मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद बवाल, पुलिस पर पथराव, कई सिपाही घायल
हंडिया थाना अंतर्गत पुलिस चौकी इमामगंज क्षेत्र के चकिया गिर्दकोट गांव में तीन दिन पहलेे भूमि विवाद में हुई मारपीट में घायल युवक की मौत के बाद बवाल हो गया। शनिवार को युवक के शव को पुलिस चौकी के सामने रखकर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने शव हटाने की कोशिश की तो ग्रामीण उग्र हो गए और पथराव शुरू कर दिया। पथराव में कई सिपाही जख्मी हो गए। सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को समझाया बुझाया गया।
बीते बुधवार को मनोज कुमार बिंद पुत्र हरिशंकर बिंद खेत में मेड़ बांध रहा था। इस बीच रामदेव परिवार संग मौके पर पहुंचा और मेड़ बांधने से रोकने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्ष लाठी-डंडा लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। मारपीट में मनोज बिंद (27) गंभीर रूप से घायल हो गया था।
मनोज की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया। शुक्रवार रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शव घर पहुंचते ही गुस्साए परिजन बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ चौकी इमामगंज पहुंच गए। शव को चौकी के सामने रोड पर ही रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजनों का कहना था दोषी अभी पकड़ से बाहर हैं।