Prayagraj News: कमायनी एक्सप्रेस से मुंबई कमाने जा रहे यात्री पर चाकू से हमला, हालत गंभीर
प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर सात-आठ पर दो गुटों में पुरानी रंजिश के चलते चाकू मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
विस्तार
प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर सात-आठ पर दो गुटों में पुरानी रंजिश के चलते चाकू मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बुधवार रात मुंबई जाने के लिए कमायनी एक्सप्रेस से सफर कर रहे जौनपुर के थाना थाना मीरगंज के गांव मुबारक निवासी सूरज तिवारी के माथे, सिर और कमर के पास चाकू से वार कर लहूलुहान कर दिया। सूचना पर पहुंची जीआरपी मामले की छानबीन में जुट गई है।
आरोप है कि गांव के ही तीन से चार युवकों ने वारदात को अंजाम दिया है। बुधवार रात करीब आठ बजे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर सात-आठ पर कमायनी एक्सप्रेस ट्रेन आई। इसी दौरान सूरज तिवारी प्लेटफॉर्म (हावड़ा इंड) के पास बोतल में पानी भरने के लिए उतरा। तभी तीन से चार युवक आए और मारपीट करने के बाद सूरज पर एक के बाद एक तीन बार चाकू से हमला कर दिया।
जिससे सूरज प्लेटफाॅर्म पर गिरकर लहुलूहान हो गया। चीखने-चिल्लाने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को रेलवे केंद्रीय अस्पताल में भर्ती करवाया जहां हालत गंभीर होते देख घायल को एसआरएन रेफर कर दिया गया। पुलिस की जांच में सामने आया कि सभी आरोपी पीड़ित के गांव के रहने वाले हैं।
पीड़ित की जुबानी- गांव से ही चल रही थी रंजिश
घायल सूरज से पूछताछ में पता चला कि उसकी कुछ दिन पहले गांव के ही दीपक यादव, योगेश यादव, एलबी यादव समेत अन्य से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। बुधवार को वह कमायनी एक्सप्रेस में सवार होकर मुंबई जा रहा था। प्रयागराज जंक्शन पर पानी लेने उतरा तो उक्त युवकों ने चाकू से बिना कोई बात के हमला कर दिया। जबकि वह सभी ट्रेन में सवार होकर फरार हो गए। वहीं, जीआरपी ने हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शी बोले-चाकू से ताबड़तोड़ किया हमला
प्लेटफॉर्म पर प्रत्यक्षदर्शी अमन समेत अन्य ने बताया कि घायल व्यक्ति अपने हाथ में बोतल लेकर पानी भरने जा रहा था। तभी कुछ हमलावर आए और उसपर चाकू से हमला कर इधर-उधर भाग गए। वारदात के बाद प्लेटफॉर्म पर हड़कंप मच गया। यात्रियों को समझ ही नहीं आया कि यहां क्या हो रहा है। वहीं, पुलिस देर-रात तक प्लेटफॉर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया है। जीआरपी थाना प्रभारी राजीव रंजन उपाध्याय ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दो सप्ताह पहले रॉड मारकर हुई थी हत्या
10 जुलाई को जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर सात-आठ पर एक मानसिक रोगी ने ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मी अमित कुमार पटेल (25) के सिर पर रॉड मारकर हत्या कर दी। हालांकि, पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद मूलरूप से गुजरात के रहने वाले आरोपी को दबोच लिया था।