Prayagraj News: प्रयागराज में झमाझम बारिश से सड़कों और गलियों में भरा कमर तक पानी, टापू में तब्दली हुए कई इलाके
भादों की अष्टमी पर बुधवार को रिकार्ड बारिश दर्ज की गई। शाम तक 26 मिलीमीटर बारिश हुई। दोपहर करीब दो बजे कई दिन से डेरा जमाए बादलों ने धूप को मात देकर गरज चमक से मौसम बदलने का संकेत दिया। थोड़ी ही देर में घनघोर बारिश से हर तरफ पानी ही पानी हो गया। घनी आबादी वाले पुराने मोहल्लों के साथ पॉश इलाकों की सड़कें, फुटपाथ लबालब हो गए। नालियां उफना गईं। बारिश की गति मध्यम होने के साथ गंदगी पसर गई। अल्लापुर बाघबंरी हाउसिंग स्कीम, भैंसा नाले के आसपास के कई घरों में पानी घुस गया। परेशान लोगों की सुनवाई करने वाला कोई नहीं था।
सड़कें लबालब, निरंजन डॉट पुल, शिवकुटी आरओबी, मेडिकल चौराहे पर कमर तक पानी
बुधवार का दिन अगस्त महीने में सर्वाधिक बारिश के नाम दर्ज हो गया। इस सीजन में बूंदाबांदी छोड़कर फिलहाल 15 दिन से इतना पानी नहीं बरसा। दिन की बारिश से अधिकतर मोहल्लों की सड़कों पर पानी लग गया। निरंजन डॉट पुल, शिवकुटी आरओबी, मेडिकल चौराहे पर एक से चार फीट पानी भरा रहा। देर रात तक लोग गंदे पानी के बीच आने जाने को मजबूर हुए।
शहर के अल्लापुर, बाघंबरी हाउसिंग स्कीम, तिलक नगर, मटियारा रोड, अलोपीबाग, एफसीआई गोदाम, परेड मैदान, बैरहना, रामबाग, क्रास्थवेट के सामने, रामबाग डॉट पुल के नीचे, लाउदर रोड, टैगोर टाउन, सीवाई चिंतामणि रोड, जार्जटाउन, एलआईसी कॉलोनी, स्टेशन रोड, प्रयाग होटल के सामने, लीडर रोड के कुछ हिस्से में पानी लगा। वहीं राजरूपपुर, करेली, जेके आशियाना, खुसरोबाग के पीछे वाली सड़क, लीडर प्रेस के आगे कॉलेज मोड़, खुल्दाबाद चौराहे समेत अधिकतर इलाके की सड़कें,गलियां बारिश के पानी से लबालब रहीं।
पारा लुढ़का, पर उमस से पूरी तरह राहत नहीं
अचानक हुई बारिश से तापमान में कुछ कमी आई है। दिन में दो बजे से शाम 530 बजे तक 26 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रात में यह आंकड़ा बढ़ गया। इसके बावजूद उमस भरी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को बारिश से आर्द्रता अधिकतम 100 और न्यूनतम 79 प्रतिशत रही। मौसम विज्ञानी प्रो. एचएन मिश्रा के मुताबिक मानसूनी हवाएं सुस्ती के साथ स्थानीय चक्रवात के गठजोड़ में आई हैं। ऐसी स्थिति में बारिश का क्रम फिलहाल बना रहेगा। रात ही नहीं बृहस्पतिवार को भी ठीक ठाक बारिश के आसार हैं।
मोरी गेट की जाली साफ करने वाले कर्मचारी रहे गायब, नाले उफनाए लोग परेशान
मोरी गेट पर लगी जाली साफ करने के लिए तीन पालियों में तैनात नगर निगम के कर्मचारी बुधवार को गुम रहे। पार्षद कमलेश सिंह, पूर्व पार्षद शिवसेवक सिंह, विनय मिश्रा सिंटू ने इसकी शिकायत पर्यावरण अभियंता से की तो उन्होंने जोनल अधिकारी से बात करने को कहा। जोनल अधिकारी ने तुरंत कर्मचारियों को भेजने की बात कही, लेकिन शाम तक कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे।जाली से गंदगी न हटाए जाने के कारण छोटे-बड़े नाले उफना गए। नतीजा अल्लापुर, जार्जटाउन, टैगोर टाउन और एलआईसी कॉलोनी समेत कई इलाकों में देर रात तक सड़कों पर पानी लगा रहा। पूर्व पार्षद शिवसेवक सिंह के मुताबिक यह लापरवाही लोगों की परेशानी का कारण बनी है। पार्षद संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के मुताबिक अल्लापुर के 60 फीट रोड, पटेल चौराहा, डंडिया नाले बैक फ्लो होते रहे। तीन महीने से तैनात नगर निगम के कर्मचारी वहां नहीं थे।