प्रयागराज नगर निगम : भाजपा और सपा अब तक तय नहीं कर सकी प्रत्याशियों के नाम, टिकट की कतार में पूर्व विधायक भी
राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव की घोषणा भले ही कर दी हो, लेकिन भाजपा और सपा में अभी तय नहीं है कि मेयर और विभिन्न वार्ड में पार्षद का टिकट किसे दिया जाएगा। दोनों ही दलों की बात करें तो भाजपा में मेयर के लिए 85 तो सपा में 42 आवेदन आ चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राज्य निर्वाचन आयोग ने निकाय चुनाव की घोषणा भले ही कर दी हो, लेकिन भाजपा और सपा में अभी तय नहीं है कि मेयर और विभिन्न वार्ड में पार्षद का टिकट किसे दिया जाएगा। दोनों ही दलों की बात करें तो भाजपा में मेयर के लिए 85 तो सपा में 42 आवेदन आ चुके हैं। दोनों ही दल में मेयर एवं पार्षद का आवेदन करने वालों की संख्या में सोमवार को और बढ़ोत्तरी हो सकती है।
वर्तमान में प्रयागराज की मेयर सीट भाजपा के ही पास है। निवर्तमान महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी के साथ यहां कई बड़े नाम मेयर टिकट पाने को बेताब हैं। वरिष्ठ नेता राकेश शुक्ला के बीते कुछ दिनों से शहर में लगाए गए सबसे ज्यादा होर्डिंग खासा सुर्खियों में भी हैं। पेशे से चिकित्सक एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य डॉ. एलएस ओझा भी टिकट के दावेदारों की लाइन में हैं। पूर्व विधायक दीपक पटेल के समर्थक भी आश्वस्त हैं कि टिकट उन्हीं को मिलने जा रहा है।
इसके अलावा डा. कीर्तिका अग्रवाल, कारोबारी विदुप अग्रहरि, कविता यादव त्रिपाठी, अनामिका चौधरी, डा. सुशील सिन्हा के साथ पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के भाई चौधरी राघवेंद्र नाथ सिंह भी मैदान में उतरने को तैयार हैं। काशी प्रांत उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी, पदुम जायसवाल, विक्रम सिंह पटेल आदि ने भी टिकट की दावेदारी ठोकी है।
वहीं समाजवादी पार्टी से भी मेयर के लिए आवेदन करने वाले लोगों की कमी नहीं है। सपा आवेदकों में पूर्व विधायक, ब्लॉक प्रमुख शामिल हैं। सपा से आवेदन करने वालों में प्रमुख रूप से बब्बन दुबे, रईस चंद्र शुक्ला, विनय कुशवाहा, राम मिलन यादव, पंकज जायसवाल, अखिलेश गुप्ता, राम मिलन यादव, अनूप यादव, राज कुमार यादव, रविंद्र यादव, मंजू यादव, मो. गौस, नंद लाल निषाद, चंद्रबली सिंह पटेल, प्रभाशंकर मिश्र, मनोज कुमार पांडेय आदि के नाम प्रमुख रूप से शामिल है।
भाजपा कोर कमेटी की बैठक में मेयर प्रत्याशियों पर चर्चा होगी। इस कमेटी में प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, प्रयागराज की दोनों सांसद, सभी विधायक एवं अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। जल्द ही यह बैठक होगी। - गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष, भाजपा ।
सपा द्वारा सोमवार को भी आवेदन लिया जाएगा। पार्टी इसी सप्ताह मेयर और पार्षद प्रत्याशी के नाम की घोषणा कर सकती है। पार्टी जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवार को ही टिकट देगी। - सैयद इफ्तेखार हुसैन, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष, सपा।