प्रयागराज माघ मेला : चौतरफा मुश्किलों के मेला में तब्दील हुई संगम की रेती
माघ मेले की शुरुआत 14 जनवरी को मकर संक्रांति के प्रथम स्नान पर्व से होगी। इससे पहले लगातार बारिश से मेला बसने के पहले ही बदरंग हो गया है। सेक्टरवाइज अर्धनिर्मित रास्ते कीचड़ से सराबोर होने से लोग फंसने लगे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संगम की रेती पर बसने वाली तंबुओं की नगरी प्रथम स्नान पर्व से पहले मुश्किलों के मेला में तब्दील हो गई है। लगातार बारिश और सर्द हवाओं से जहां कई अर्ध निर्मित शिविर गिर गए, वहीं त्रिवेणी मार्ग, काली मार्ग और महावीर मार्गों पर दलदल और जल जमाव की वजह से रविवार को काम प्रभावित हो गया। उधर, सुविधा पर्चियां जारी न होने से टिन और टेंटेज के लिए भी लोग मेला कार्यालय का चक्कर काटते परेशान हो गए हैं। तीर्थ पुरोहितों के शिविर न लग पाने की वजह से कल्पवास पर भी असर पड़ने की आशंका है।
माघ मेले की शुरुआत 14 जनवरी को मकर संक्रांति के प्रथम स्नान पर्व से होगी। इससे पहले लगातार बारिश से मेला बसने के पहले ही बदरंग हो गया है। सेक्टरवाइज अर्धनिर्मित रास्ते कीचड़ से सराबोर होने से लोग फंसने लगे हैं। इससे हर तरफ शिविरों की बसाहट के बीच मुश्किलों का मेला शुरू हो गया है। इसके साथ ही मेला काउंटरों पर सुविधा पर्चियों के लिए भी संतों-भक्तों की भीड़ लग रही है।
सुविधा पर्ची के लिए भटक रहे लोग
प्रयागराज सेवा समिति का शिविर सेक्टर पांच में तुलसी मार्ग पर लगता है। इस शिविर में इस बार द्वादश माधव की झांकियां सजाई जानी हैं। इस शिविर के संचालक तीर्थराज पांडेय तीन दिन से सुविधा पर्ची के लिए भटक रहे हैं। रविवार को उन्होंने मेला प्रशासन पर परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि काउंटर पर कर्मचारी मिल नहीं रहे हैं। कोई मिल भी रहा है तो संतोषजनक उत्तर नहीं दे रहा है। ऐसे में समय रहते शिविर लगाना मुश्किल हो गया है।
उधर, प्रयागवाल सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रकाश चंद्र मिश्र के काली मार्ग स्थिति भूमि पर दलदल और जल जमाव की वजह से ठेकेदारों को काम ठप करना पड़ा। इस मार्ग पर कई शिविर तैयार होने से पहले गिर भी गए। प्रकाश चंद्र का आरोप है कि मेला प्रशासन सिर्फ खाक चौक में बालू पटवा रहा है। शेष क्षेत्रों में संतों-भक्तों और तीर्थपुरोहितों की शिकायतों के बावजूद कोई सुन नहीं रहा है। इससे मुश्किलें बढ़ गई हैं। यही हाल रहा तो इस बार मेले में कल्पवासियों को बसाना टेढ़ी खीर बन जाएगा।
मेला कर्मियों पर लगाया लापरवाही बरतने का आरोप
मौसम की खराबी और ठेकेदारों के कार्य में सुस्ती के कारण माघ मेला क्षेत्र में बाहर से आए साधु- संतों, व्यापारियों और कल्पवासियों के शिविर न लग पाने से परेशानी बढ़ गई है। इस मसले पर रविवार को दारागंज में प्रयागराज सेवा समिति के कार्यालय में हुई वर्चुअल बैठक में मेला प्रशासन की लापरवाही को लेकर आक्रोश जताया गया।
संस्था के सचिव तीर्थराज पांडेय बच्चा भैया का कहना था कि देश के कोने-कोने से संत- महात्मा और श्रद्धालु मेले में पहुंचने लगेे हैं। लेकिन, कुछ लापरवाह कर्मचारियों की वजह से इस बार लोगों को जबरदस्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बैठक में महिला मोर्चा प्रयागराज सेवा समिति की अध्यक्ष अनुपमा पांडेय,भक्तराज पांडेय, केसी पांडेय, कैलाशी, केजी तिवारी, विष्णु दयाल श्रीवास्तव, प्रीति श्रीवास्तव, मोहित गुप्ता, आकाश निषाद, प्रभुराज पांडेय शामिल थे।