दुस्साहसिक वारदात : फल व्यापारी के घर में घुसकर दिनदहाड़े लूटपाट, रॉड से पीटकर किया मरणासन्न
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शाहगंज सब्जी मंडी में दुस्साहसिक वारदात हुई। यहां बुधवार सुबह फल व्यापारी मो. अंसार (55) के घर में घुसकर लूटपाट की गई। दो बदमाशों ने लाखों की नकदी व गहने लूट लिए। रॉड से हमलाकर उन्हें मरणासन्न कर दिया। उन्हें गंभीर हाल में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अंसार शाहगंज सब्जी मंडी में तीन मंजिला मकान में रहते हैं। भूतल व पहले तल पर दुकानें हैं। दूसरी मंजिल पर वह परिवार समेत रहते हैं। घर में बड़ा बेटा अजहर व उसकी पत्नी अलीशा और छोटा बेटा अल्ताफ है। बड़ा बेटा व्यापार में पिता का हाथ बंटाता है और छोटा बेटा बीएचएस में आठवीं का छात्र है। रोज की तरह बड़ा बेटा सुबह सब्जी मंडी जबकि छोटा बेटा स्कूल चला गया।
अंसार ने बताया कि सुबह 8.30 बजे के करीब किसी ने बेल बजाई। दरवाजा खोलते ही दो लोग भीतर घुस आए। वह कुछ पूछते, इससे पहले ही लोहे की रॉड से उन पर हमला बोल दिया। सिर पर ताबड़तोड़ वार से वह लहूलुहान हो गए। बचने के लिए भागते हुए बाथरूम में घुसे तो बदमाशों ने दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। उधर, उनकी चीख सुनकर अपने कमरे में मौजूद बहू बाहर निकलने लगी तो उसका दरवाजा भी बंद कर दिया।
इसके बाद आलमारी व बक्से खोलकर लूटपाट की और फिर भाग निकले। बाथरूम में एग्जास्ट फैन के लिए बने झरोखे से चीखते हुए व्यापारी ने मदद की गुहार लगाई तो आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें व उनकी बहू को बाहर निकाला। तब जाकर लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर एसपी सिटी, सीओ फोर्स लेकर पहुंच गए। पूछताछ के बाद अंसार को रामबाग स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
व्यापारी ही हिसाब-किताब देखते थे और वह जख्मी हैं। बेटे का कहना है कि स्पष्ट रूप से पिता ही बता पाएंगे कि घर से क्या-क्या गायब हुआ। तहरीर मिलने के बाद ही इस बारे में कुछ बताया जा सकेगा। सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। -संतोष कुमार मीणा, एसपी सिटी