प्रयागराज डबल मर्डर केस : बहू ने ही कराई थी अपनी सास-ननद की हत्या, पुलिस ने किया खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
औद्योगिक क्षेत्र स्थित मियां का पूरा गांव में मां-बेटी की हत्या का खुलासा करते हुए शनिवार को पुलिस ने बहु सलोनी तथा उसके पति के दोस्त शोभनाथ उर्फ शोभई को गिरफ्तार कर लिया। सलोनी खुद हत्या में शामिल थी। हत्या के बाद दोनों ने घर से गहने भी चुराए थे ताकि यह मामला लूट का लगे।
पुलिस को दिए बयान में सलोनी ने बताया कि ससुराल वाले उसकी छह साल की बेटी से उसे नहीं मिलने देते थे। इसी कारण उसने हत्या को अंजाम दिया। पुलिस ने उनके पास से गहने बरामद किए हैं। मियां का पूरा में मंगलवार रात प्रेमपति देवी और उसकी बेटी तनु 17 की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। प्रेमपति के पति बजरंग बहादुर पटेल उफ नचऊ पटेल पर जानलेवा हमला किया गया था। घटना के वक्त बजरंग की छह साल की पोती अंशिका भी थी लेकिन कातिलों ने उसे छोड़ दिया था।
इस मामले में पुरानी रंजिश के आधार पर पड़ोसी परिवार के चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई लेकिन पुलिस को मामला कुछ और ही लग रहा था। जांच में पता चला कि बजरंग के बेटे ने कुछ साल पहले आत्महत्या कर ली थी। उसकी पत्नी सलोनी ने दूसरी शादी कर ली थी। अंशिका सलोनी की बेटी है। सलोनी की कॉल डीटेल्स खंगाला गया तो पुलिस को काफी कुछ जानकारी मिल गई। इसके बाद सलोनी और शोभनाथ उर्फ शोभई को पकड़ लिया गया। शोभनाथ सलोनी के पति का दोस्त है।
सलोनी और शोभनाथ के बीच घटना से पहले और बाद में काफी बात हुई थी। पूछताछ में सलोनी टूट गई। उसने बताया कि जब से उसने दूसरी शादी की है, ससुराल वाले बेटी से नहीं मिलने दे रहे थे। न ही फोन पर बात करने देते थे। चरित्र पर सवाल उठाते थे। मैं बेटी के लिए तड़पती थी। मैं कई बार अपनी बेटी को लेने गयी लेकिन बेटी को मुझे नहीं दिया। इन्हीं कारणों से परेशान होकर मैंने इन सब लोगों को मारने का सोचा और मेरे पति के दोस्त शोभनाथ बिन्द को पैसों का लालच देकर इस काम के लिए तैयार किया।
फिर घटना वाले दिन शोभनाथ उर्फ शोभई को फोन करके गांव के बाहर बुलाया। रात होने पर हम दोनों पेड़ के सहारे छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और चापड़, हसिया व मुंगरी से इस घटना को अंजाम दिया। मेरी बेटी भी वहीं सो रही थी। लेकिन वो जगी नहीं। इसके बाद घटना को लूट दर्शाने के लिए हम दोनों ने घर में रखे जेवर व पैसे निकाल लिये। ताकि लोगों को यह लगे कि यह हत्याएं लूट के इरादे से की गयी है।
एसपी यमुनापार के मुताबिक तीसरा आरोपी अशोक निवासी गिरजाशंकर निवासी मनकवार है, जिसके पास इन्होंने लूटे गए समान रखा था। अशोक सलोनी की छोटी बहन का पति है और घटना के बाद उसे फोन करके बुलाया गया था। पुलिस के मुताबिक सलोनी और शोभनाथ के बीच गहरी दोस्ती थी। इसी कारण शोभनाथ वारदात को अंजाम देने के लिए राजी हो गया था।
घटना के बाद ही बहु को हिरासत में ले ली थी पुलिस
औद्योगिक क्षेत्र थाना के चकपूरे मियां खुद में दोहरे हत्याकांड की जानकारी के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी बहु को अपनी हिरासत में ले लिया था। ग्रामीणों से पूछताछ में पुलिस को बहु पर शक हुआ था कि उसके ससुराल वाले अब उसे न तो घर पर ही आने देते है और न ही उसे उसकी बेटी से मिलने देते है। इसको लेकर कई बार विवाद भी हुआ था। वहीं घटना में घर में मौजूद सभी लोगों पर हत्या के इरादे से हमला किया गया लेकिन अंशिका को खरोंच भी नहीं आई थी।
मौसा के दमाद से की थी दूसरी शादी
बजरंग बहादुर की बहू सलोनी ने पति चंद्रशेखर की मौत के बाद अपने मौसा के दामाद के साथ दूसरी शादी की थी। अभी चार माह पहले ही वह शादी कर यहां से गई थी।
संपत्ति के लालच और बेटी के लगाव में की हत्या
बजरंग बहादुर पटेल की बहु सलोनी ने अपनी सास पेमपति व ननद तनु की हत्या संपत्ति व बेटी के लगाव में की थी। दूसरी शादी करने के बाद सलोनी को पता चला था कि सास ससुर अपनी पूरी संपति अपनी दोनों बेटियों को देने वाले हैं। उसे और अंशिका को कुछ नहीं मिलेगा। बजरंग बहादुर का खेत रेलवे ने अधिग्रहीत किया था वहां से भी अच्छी खासी रकम मिली थी। इस रकम को लेकर भी बहु से अक्सर विवाद हुआ करता था।