Prayagraj Corona Update: 11 दिनों के बाद संक्रमितों के आंकड़े में उछाल, 231 मिले, तीन की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जिले में कोरोना के आंकड़े लगातार 11 दिनों तक नीचे आते रहे लेकिन, शुक्रवार को इसमें उछाल आया और एक दिन पहले के मुकाबले संक्रमितों की संख्या बढ़कर 231 पर पहुंच गई। जबकि संक्रमण मुक्त होने वालों की संख्या इससे कहीं अधिक 359 रही। इसमें 42 लोगों को अस्पतालों से छुट्टी दी गई और 317 लोगों को होम आइसोलेशन पूरा हुआ है। इसके साथ ही तीन लोगाें की मौत भी हो गई। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई ने बताया कि 231 नए संक्रमित मिलने के बाद जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या 19730 हो गई है। इसमें से 16765 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं जबकि 269 लोगों की अब तक मौत हो चुकी है। एक्टिव केसों की संख्या 2696 रह गई है। इसमें 278 लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं और 2418 लोग होम आइसोलेशन में हैं।
मरने वाले तीनों शहर के निवासी
प्रयागराज। कोरोना से शुक्रवार को मरने वाले तीनों शहर के निवासी हैं। इसमें एक अधेड़ है जबकि दो बुजुर्ग हैं। बुजुर्गों में एक 80 वर्षीय महिला है। तीनों का स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में उपचार चल रहा था। मौत के बाद एक बुजुर्ग का अंतिम संस्कार भी किया गया। डॉ. ऋषि सहाय ने बताया कि मरने वालों में पहले 79 वर्ष के मुट्ठीगंज निवासी पुरूष, दूसरे 52 वर्षीय जार्जटाउन निवासी पुरूष और तीसरी रोशनबाग की 80 वर्षीय महिला है। तीनों अलग-अलग तिथियों में एसआरएन चिकित्सालय में भर्ती हुए थे। शुक्रवार को तीनों की मौत हो गई।
पूर्व विधायक की पत्नी, सीआईएसएफ के कमांडेंट संक्रमित
शुक्रवार को शहर उत्तरी के विधायक अनुग्रह नारायण सिंह की पत्नी, सीआईएसएफ के कमांडेंट, असिस्टेंट कमांडेंट सहित कई लोग संक्रमित मिले हैं। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इसके अलावा कोरांव सीएचसी के डॉक्टर, रेलवे हॉस्पिटल की नर्स, हाईकोर्ट के दो अधिवक्ता, समीक्षा अधिकारी, सीडीए पेंशन के दो ऑडिटर, दो कांस्टेबल, बमरौली स्थित फूलवती इंटर कॉलेज के शिक्षक, फूलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक, सीआरपीएफ का कांस्टेबल संक्रमित पाए गए हैं।
दुबारा जांच हुई नहीं और बता दिया पॉजिटिव, भेज दी मेडिकल टीम
स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर गजब का कारनामा कर दिया। एजी ऑफिस में तैनात एक महिला ऑफिसर की दुबारा कोरोना की जांच नहीं हुई फिर भी उसे पॉजिटिव बता दिया गया। इसके बाद रैपिड रिस्पांस टीम भेजकर दोबारा से आइसोलेट होने का निर्देश दे दिया। इतना ही नहीं महिला अधिकारी से किट भी मंगाने को कहा गया। महिला अधिकारी ने इस पर आपत्ति जताई और इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।महिला अफसर ने बताया कि तबीयत खराब होने पर उन्होंने 22 सितंबर को कोरोना की जांच कराई थी। वह पॉजिटिव आईं। तबसे वह अपने घर पर होम आइसोलेशन में हैं। 25 सितंबर को मेडिकल टीम उनके घर भी गई थी। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को बिना जांच किए उनका नाम पॉजिटिव वाली सूची में दिखाया गया। बृहस्पतिवार को उनके घर मेडिकल टीम पहुंची और उन्हें एक अक्तूबर की डेट से होम आइसोलेशन में रहने को कहने लगी। इतना ही नहीं, उनसे दोबारा किट भी मंगवाने को कहा गया। नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने कहा कि अगर ऐसा हुआ है तो गलत है। गड़बड़ी कहां से हुई पता लगाया जा रहा है।