कीडगंज में सरेशाम फायरिंग में जख्मी भाजपा विधायक संजय गुप्ता के बहनोई के भाई विशाल गुप्ता उर्फ राजन (36) की इलाज के दौरान एसआरएन अस्पताल में मौत हो गई, जबकि हालत में सुधार न होने पर बहनोई संदीप गुप्ता उर्फ भोले (47) को दूसरे दिन लखनऊ रेफर कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव रखकर सड़क पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटे बाद डीएम ने पहुंचकर परिजनों की मांगों पर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया, तब लोग माने। उधर घटना में घायल दो अन्य लोगों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
Prayagraj : भाजपा विधायक के बहनोई लखनऊ रेफर, भाई ने तोड़ा दम, आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रखकर डेढ़ घंटे तक लगाए रखा जाम
गुरुवार की रात कीडगंज में भाजपा विधायक संजय गुप्ता के बहनोई व चाट कारोबारी संदीप उर्फ भोले गुप्ता (48) पर अंधाधुंध फायरिंग की गई। इसमें वह और उनके भाई विशाल उर्फ राजन (36) के अलावा ग्राहक रामजी (52) और वहां से गुजर रहा छात्र नारायण तिवारी (18) जख्मी हो गए। राजन की उपचार के दौरान मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया।
शव से लिपटकर बिलखते रहे घरवाले
शुक्रवार दोपहर 2.45 बजे के करीब पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव घर पहुंचा तो वहां कोहराम मच गया। दोनों भाई व अन्य परिजन फूूट-फूटकर रोने लगे। उधर शव लाए जाने की खबर पर पहले ही भारी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए थे। पुलिस ने परिजनों से अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने की बात कही तो लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने घर केसामने ही शव रखकर सड़क पर जाम लगा दिया। उनका कहना था कि पहले हत्यारोपी की गिरफ्तारी हो और पीड़ित परिवार को मुआवजा व सुरक्षा प्रदान की जाए तब जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मौके पर एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह कई थानों की फोर्स लेकर पहले ही पहुंच गए थे। उन्होंने समझाया लेकिन लोग नहीं माने। करीब दो घंटे तक लोगों ने जाम लगाए रखा और इस दौरान पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। शाम शाम चार बजे के करीब डीएम संजय खत्री ने पहुंचकर परिजनों को उनकी मांगों केसंबंध में उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया, तब वह शांत हुए। इसके बाद डेढ़ बजे के करीब शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
पुलिस के सामने ही मकान में फिर तोड़फोड़
सड़क जाम करने के दौरान ही मृतक की दुकान के सामने स्थित मकान में एक बार फिर तोड़फोड़ हुई। लोग पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जता रहे थे। वह लगातार उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। करीब डेढ़ घंटे तक मौकेपर किसी बड़े अफसर के न पहुंचने से लोग उग्र हो उठे और उन्हें सामने स्थित मकान में फिर तोड़फोड़ शुरू कर दी। उन्होंने खिड़की की ग्रिल उखाड़कर फेंक दी। उनका आक्रोश देखते हुए पुलिस भी बैकफुट पर रही। इसके बाद एसपी सिटी ने उन्हें समझाकर शांत कराया। गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को घटना के बाद भी मकान में तोड़फोड़ करते हुए आग लगा दी गई थी।
परिजनों ने सुरक्षा, आर्थिक मदद, गिरफ्तारी की मांग की है, जिस पर उन्हें उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है। सुरक्षा के लिए पुलिस अफसरों से बात हो गई है। उन्हें सुरक्षाकर्मी प्रदान करने के साथ ही घटनास्थल के पास पुलिस की पिकेट भी लगाई जाएगी। आर्थिक मदद के संबंध में शासन को रिपोर्ट जल्द ही भेजी जाएगी। - संजय खत्री, डीएम
सीसीटीवी फुटेज आया सामने, दौड़ाकर मारी थीं गोलियां
इस घटना में एक खास बात यह रही कि जांच की बात कहकर जिस सीसीटीवी फुटेज को मौके पर पहुंचे पुलिस अफसर बेहद गोपनीय बताते रहे। वह देर रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। फुटेज में घटना की तस्वीर पूरी तरह से कैद है। जिसे देखने से पता चलता है कि विधायक के बहनोई संदीप व उनके भाई राजन को दौड़-दौड़ाकर गोली मारी गई। 31 सेकंड के इस फुटेज की शुरुआत में दोनों भाइयों से आरोपियों की नोकझोंक होते दिखाई देती है।
इसके बाद अचानक एक युवक पिस्टल निकाल लेता है और देखते ही देखते फायरिंग शुरू कर देता है। दोनों भाई बचने के लिए भागते हैं तो आरोपी दौड़ाकर उन पर गोलियां बरसाता है। गोली लगने के बाद एक भाई जमीन पर गिर पड़ता है तो वह दूसरे पर गोलियां बरसाने लगता है। इसके बाद वह वापस आकर दूसरी ओर जमीन पर गिरे भाई पर एक और गोली दागता है। फिर वह गली की ओर भाग निकलता है। इस दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य युवक के हाथ में भी असलहा दिख रहा है। हालांकि उसने फायरिंग की या नहीं, यह फुटेज से साफ नहीं है।
अंधाधुंध फायरिंग कर भागे बदमाश
संदीप कीडगंज स्थित बीच वाली सड़क पर रहते हैं। उनका चाट व मिठाई का पुश्तैनी कारोबार है और घर के अगले हिस्से में ही वह दुकान चलाते हैं। रोज की तरह बृहस्पतिवार शाम को भी वह छोटे भाई राजन के साथ दुकान पर थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान वहां दो हमलावर पहुंचे और संदीप को ललकारते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
दोनों पक्षों के बीच चल रहा है पुराना विवाद
इसमें दोनों भाइयों के अलावा दुकान पर खड़ा ग्राहक रामजी निवासी कीडगंज और वहां से गुजर रहा प्रतियोगी छात्र नारायण जख्मी हो गए। जिसके बाद हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। संदीप के कंधे, राजन के माथे और रामजी व नारायण के पैर में गोली लगी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। यह भी चर्चा है कि विवाद की वजह भुक्तभोगी की दुकान के सामने स्थित एक मकान है।