Prayagraj AQI : शहर की आबोहवा खराब, सांस के रोगियों में हो रहा इजाफा
सर्दी बढ़ने के साथ शहर की वायु गुणवत्ता गंभीर स्थिति में पहुंच गई है। इसके चलते शनिवार को जिले के एयर क्वालिटी इंडेक्स का स्तर 253 रहा जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं बिगड़ती आबोहवा की वजह से सांस के रोगियों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है।
विस्तार
सर्दी बढ़ने के साथ शहर की वायु गुणवत्ता गंभीर स्थिति में पहुंच गई है। इसके चलते शनिवार को जिले के एयर क्वालिटी इंडेक्स का स्तर 253 रहा जो गंभीर श्रेणी में आता है। वहीं बिगड़ती आबोहवा की वजह से सांस के रोगियों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के टीबी चेस्ट विभाग में एक नवंबर से अब तक 128 मरीज भर्ती किए गए हैं। इनमें 79 महिलाएं और 49 पुरुष शामिल हैं।
इनमें से 75 सीओपीडी के मरीज हैं जिनमें 50 पुरुष और 25 महिलाएं हैं। इतना ही नहीं रोजाना 30 से 40 सांस के रोगी टीबी चेस्ट विभाग की ओपीडी में आ रहे हैं। वहीं छावनी सामान्य अस्पताल में भी पिछले 10 दिनों के भीतर 12 सांस के रोगी गंभीर हालत में भर्ती किए गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम में सांस लेने में सबसे ज्यादा तकलीफ बुजुर्गों और अस्थमा से पीड़ित बच्चों को होती है। लोगों को चाहिए कि वे बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ख्याल रखें।
सर्दी में सांस के रोगियों की संख्या बढ़ने का कारण
सर्दी के मौसम में सीओपीडी के मामले बढ़ने के कई कारण हैं जिनमें सर्द और शुष्क हवा से वायुमार्ग में जलन, श्वसन संक्रमण का बढ़ना और वायु प्रदूषण में वृद्धि शामिल हैं। सर्द हवा रक्त वाहिकाओं को संकुचित कर सकती है जिससे हृदय पर दबाव बढ़ता है। जबकि शुष्क हवा से फेफड़ों में जलन हो सकती है। इसके अतिरिक्त श्वसन संबंधी संक्रमण (जैसे फ्लू) और प्रदूषण के कण फेफड़ों को और नुकसान पहुंचाते हैं जिससे सीओपीडी के लक्षण बढ़ जाते हैं।
यह हैं लक्षण
1- सांस लेने में तकलीफ।
2- लगातार खांसी।
3- अक्सर ऐसा बलगम आना जो साफ, सफेद, पीला या हरा हो।
4- सांस लेते समय सीटी जैसी या चरमराती आवाज आना।
5- सीने में जकड़न।
6- बहुत ज्यादा थकान महसूस होना या ऊर्जा की कमी होना।
7- बार-बार फेफड़ों में संक्रमण, जैसे तीव्र ब्रोंकाइटिस या निमोनिया।
8- वजन कम होना।9- पैरों या टखनों में सूजन आना।
ऐसे करें बचाव
1- सर्दी या सर्द हवाएं सीओपीडी के लक्षणों को और गंभीर कर सकती हैं। जिस दिन सर्दी अधिक हो, घर के अंदर ही रहें। यदि आपको बाहर निकलना है तो प्रयास करें कि गर्म कपड़े पहनें और बाहर निकलते समय अपने मुंह और नाक को ढक लें। इसके अतिरिक्त आप घर के अंदर हवा को साफ रखना चाहते हैं तो ह्यूमिडिफायर लगवा सकते हैं।
2- धूल और प्रदूषण से बचें।
3- सीओपीडी में आहार है महत्वपूर्ण।
4- हाइड्रेटेड रहें।
5- श्वसन संक्रमण को रोकने का प्रयास करें।
6- नियमित व्यायाम करें।
सर्दी के मौसम में सांस के गंभीर रोगियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। सांस के रोगियों को चाहिए कि वे अगले दो महीनों तक निरंतर अपने चिकित्सक के संपर्क में रहें। - डॉ. एसके पांडेय, निदेशक, छावनी सामान्य अस्पताल
सर्दी बढ़ने के साथ एयर क्वालिटी इंडेक्स खराब होने लगती है। इस दौरान सांस के रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है। व्यायाम और बेहतर खानपान से हालात नियंत्रित किए जा सकते हैं। - डॉ. अभिषेक सिंह, विभागाध्यक्ष, टीबी चेस्ट विभाग, एसआरएन अस्पताल
