Prayagraj Corona Update: प्रयागराज में कोरोना से दो की मौत, 218 नए संक्रमित मिले
कोरोना की चपेट में आकर शनिवार को दो लोगों की मौत हो गई जबकि 218 नए संक्रमित मिले हैं। संक्रमण से मुक्त होने वालों की संख्या 167 रही। इससे रिकवरी रेट 90 फीसदी के करीब पहुंच गया। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई ने बताया कि 218 नए संक्रमित मिलने से जिले में कोरोना के मरीजों की कुल संख्या अब 21159 पर पहुंच गई है। जबकि 18928 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं। इससे रिकवरी रेट लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को एक्टिव केसों की संख्या कुल 1945 रह गई है। इसमें 191 लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। जबकि बाकी लोग होम आइसोलेशन में हैं।
कोबास मशीन से जांच शुरू
मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में नई कोबास लैब से कोरोना की जांच शुरू हो चुकी है। शनिवार को 94 सैंपल्स की जांच की गई। इसमें नौ मामलों में पुष्टि हुई। मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एसपी सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के उद्घाटन के बाद कोबास मशीन से तीन दिनों तक लगातार ट्रायल किया गया। ट्रायल सफल होने के बाद शनिवार को जांच शुरू की गई। इस मशीन के शुरू होने से मेडिकल कॉलेज में जांच करने की कुल क्षमता साढ़े तीन हजार के करीब हो गई है।
दो प्रोफेसर, लैब सुपरिटेंडेंट सहित कई अधिवक्ता कोविड की चपेट में
कोरोना की चपेट में शनिवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर, हाईकोर्ट के अधिवक्ता सहित कई अधिकारी-कर्मचारी आए हैं। रेलवे हॉस्पिटल के लैब सुपरिटेंडेंट की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। कोरोना के नोडल ऑफिसर डॉ. ऋषि सहाय ने इसकी पुष्टि की।
उन्होंने बताया कि शनिवार को इलाहाबाद विश्वविद्यालय और नैनी स्थित हेमवती नंदन बहुगुणा के एक-एक प्रोफेसर, डफरिन की स्टाफ नर्स, करछना स्थित राजकीय स्कूल के एक शिक्षक, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में समीक्षाधिकारी, जिला न्यायालय एवं हाईकोर्ट के एक-एक अधिवक्ता, नासी के एकाउंटेंट, न्यूकैंट स्थित सेंट्रल स्कूल के वरिष्ठ बाबू, रेलवे के सीनियर सेक्सन इंजीनियर, कनारा बैंक मैनेजर, एक जेई संक्रमित हुए हैं। ये सभी होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को कुल 4350 टेस्ट किए गए थे। इसमें 2787 एंटीजन, 1459 आरटीपीसीआर और 104 ट्रूनॉट से हुए।
22 साल की युवती समेत कोरोना से दो की मौत
कोरोना से मरने वाले दो लोगों में एक 22 साल की युवती भी शामिल हैं। युवती खीरी की रहने वाली है जबकि दूसरा व्यक्ति 60 साल का है। दोनों को उपचार के लिए एसआरएन में भर्ती किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक मधूपुर रामनगर का 60 वर्षीय निवासी पांच दिनों से एसआरएन चिकित्सालय में भर्ती था। उसकी रिपोर्ट पांच अक्तूबर को पॉजिटिव आई थी। रिपोर्ट आने के बाद उसे कोविड वार्ड में शिफ्ट किया गया था।जबकि झमरोई, बघोल खीरी की रहने वाली 22 वर्षीय युवती सात दिन पहले तीन अक्तूबर से यहां भर्ती थी। दोनों को एनेमिया, सांस लेने में दिक्कत के साथ कई परेशानी बताई गई हैं। मौत के बाद दोनों का अंतिम संस्कार करा दिया गया।