Prayagraj : पिता से बोला था प्रत्यूष- मां को मत बताना हवलदार बनने की बात, आकर दूंगा सरप्राइज
Prayagraj News : पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे प्रत्यूष के पिता अवनी राय ने बताया कि उसका चयन फौज में हवलदार के पद पर हो गया था। इसके लिए वह पांच महीने की ट्रेनिंग के लिए असम गया था।
विस्तार
पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे प्रत्यूष के पिता अवनी राय ने बताया कि उसका चयन फौज में हवलदार के पद पर हो गया था। इसके लिए वह पांच महीने की ट्रेनिंग के लिए असम गया था। घर में चचेरी बहन की शादी और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देने के लिए वह ट्रेनिंग से घर आया था। दो दिन पहले ही गांव से हॉस्टल आया था। पांच फरवरी को छोटे भाई की बेटी की शादी में जब प्रत्यूष ट्रेनिंग से घर लौटा था तो बहुत खुश था।
फौज में हवलदार बनने की बात उसने सिर्फ अपने पिता और बड़े भाई नितांत राय को ही बताई थी। सात फरवरी को जब प्रत्यूष को प्रयागराज आना था तो पिता अवनी राय उसे बस स्टॉप तक छोड़ने के लिए आए थे। इस दौरान रास्ते में प्रत्यूष ने पिता से एक वादा किया था कि वह अगली बार घर लौटेगा तो पूरे परिवार को एक नया सरप्राइज देगा। उसने इसके लिए पिता से भी एक वादा कराया था कि हवलदार बनने की बात मां को अभी मत बताना, उसे अभी सरप्राइज देना है।
मां बोली- मेरे बेटे को लग गई दुश्मनों की नजर, घर में छा गया अंधेरा
पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मां रीना राय और बड़ी बहन कृतिका का रो-रोकर बुरा हाल है। मां ने कहा कि मेरे बेटे को दुश्मनों की नजर लग गई, मेरे घर में अंधेरा छा गया। वहीं, सरकारी कांट्रैक्टर बड़े भाई नितांत राय ने बताया कि प्रत्यूष पूरे घर का दुलारा था। बचपन से ही खेलकूद में रूचि ज्यादा होने के कारण उसे पढ़ने के लिए प्रयागराज भेज दिया गया था।
प्रयागराज में वह वर्ष 2021 से विद्या भारती स्कूल में पढ़ाई करने के साथ खेलकूद की भी तैयारी करता था। वॉलीबाॅल में उसने राष्ट्रीय स्तर तक के कई खेलों में भाग लिया था। वर्तमान में वह इंटरमीडिएट का छात्र था और आगामी कुछ ही दिनों में आयोजित होने वाली बोर्ड की परीक्षा देने के लिए वह दो दिन पहले ही गांव से हाॅस्टल आया था। मेडिकल स्टोर चलाने वाले बड़े भाई ऋतिक राय ने बताया कि प्रत्यूष पर पूरे परिवार को नाज था।
वॉलीबाॅल के बेहतरीन खिलाड़ी थे प्रत्यूष
वॉलीबॉल के राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रत्यूष राय की मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रत्यूष वॉलीबाॅल के बेहतरीन खिलाड़ी थे। जून से जुलाई के बीच होने वाली एशियाई चैंपियनशिप के लिए उनका चयन हुआ था। गाजीपुर के सौरी गांव के रहने वाले प्रत्यूष का वर्ष 2021 में मेयोहॉल स्थित अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉस्टल के लिए चयन हुआ था। हॉस्टल में रहते हुए प्रत्यूष अपनी फिटनेस और शानदार खेल के लिए पहचाने जाने लगे थे।
प्रत्यूष ने अंडर-17 राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। स्कूल गेम्स फेडरेशन की ओर से खेलो इंडिया के तहत हुई वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अपनी टीम को रजत पदक दिलाया। दिसंबर 2025 के शुरुआती दिनों में गोरखपुर में आयोजित हुई राज्य स्तरीय महंत अवैद्यनाथ प्राइज मनी प्रतियोगिता में अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉस्टल की टीम को विजेता की ट्राफी दिलाई। इसके बाद दिसंबर के आखिरी दिनों में राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी में हुई जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में उनका चयन हुआ था।
प्रत्युष प्रयागराज में ज्वाला देवी सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज का बारहवीं के छात्र भी थे। अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटा रहे प्रत्युष पांच फरवरी को चचेरी बहन की शादी में शामिल होने गाजीपुर गया था। इसके बाद सात फरवरी को प्रयागराज लौट आया था। हॉस्टल में उसके साथ कमरे में रहने वाला रूम पार्टनर ऋषभ पिछले कुछ दिनों से अपने गांव गया हुआ था।