Prayagraj : पुलिस ने खड़े किए हाथ, छात्र बोला-अफसराें से करेंगे शिकायत
करछना के कोहड़ार घाट निवासी अमन ने बताया कि उसने 16 जून को जार्जटाउन थाने में मामले की लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद एसएचओ ने चौकी इंचार्ज अमित कुमार को जांच के लिए कहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जार्जटाउन स्थित कोचिंग संस्थान में महज चार दिन कक्षा करने वाले छात्र अमन सिंह को फीस वापस मांगने पर धमकी देने के मामले में रविवार को भी कार्रवाई नहीं हुई। एक दिन पहले तक शिकायत न मिलने की बात कहने वाली जार्जटाउन पुलिस ने रविवार को तहरीर मिलने की बात स्वीकारी। हालांकि कोचिंग के नियमों का हवाला देते हुए कार्रवाई से हाथ खड़े कर दिए। उधर छात्र का कहना है कि वह इस मामले की शिकायत डीएम से करेगा।
करछना के कोहड़ार घाट निवासी अमन ने बताया कि उसने 16 जून को जार्जटाउन थाने में मामले की लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद एसएचओ ने चौकी इंचार्ज अमित कुमार को जांच के लिए कहा था। हालांकि इसके बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उधर रविवार को जार्जटाउन पुलिस ने तहरीर मिलने की बात स्वीकार की। एसओ धीरेंद्र सिंह ने बताया कि शिकायत की जांच कराई गई। इस पर कोचिंग प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कोचिंग के प्रॉसपेक्टस में इस शर्त का उल्लेख है कि फीस वापसी नहीं होगी और छात्र ने इस पर दस्तखत किया है।
ऐसे में फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं बनती। उधर भुक्तभोगी छात्र का आरोप है कि उसके साथ धोखाधड़ी की गई। जब उसने शुरू में ट्रायल लेने की बात कही तो उसे कोचिंग वालों ने मना कर दिया। आरोप है कि उसे आश्वासन दिया गया कि कोई बात होने पर उसकी फीस वापस कर दी जाएगी। पिता का ट्रांसफर होने की दशा में उसने जब फीस वापस मांगी तो उसे बैरंग लौटा दिया गया। छात्र का कहना है कि वह इस मामले की शिकायत डीएम समेत अन्य अफसरों से करेगा।
कहां से लाऊं दूसरा छात्र?
छात्र का यह भी कहना है कि फीस वापसी के नाम पर भी कोचिंग वाले हेरफेर कर रहे हैं। उसने बताया कि उसने कुल 66850 रुपये जमा किए। इसमें से 25 हजार स्कूलिंग जबकि शेष रकम कोचिंग फीस के तौर पर ली गई। कोचिंग प्रबंधन अब सिर्फ स्कूलिंग फीस यानी 25 हजार रुपये वापस करने को कह रहे हैं।
आरोप यह भी है कि उससे कहा गया कि किसी अन्य छात्र का दाखिला कराओ तो तुम्हारी जगह उसका दाखिला कर लिया जाएगा और वह उससे फीस ले सकता है। छात्र का कहना है कि अब वह दूसरा छात्र कहां से लाए। गौरतलब है कि छात्र ने तहरीर में गालीगलौज व धमकी देेने का भी आरोप लगाया है। हालांकि कोचिंग संचालक जीतेंद्र शर्मा ने आरोपों को गलत बताया है।