Phaphamau Murder Case : 35 लाख की जमीन की रंजिश में तड़तड़ाईं गोलियां, 15 दिन पहले जेल से छूटा था आरोपी
मृतक मुबस्सिर ईंट-भट्ठे में पिता का हाथ बंटाने के साथ ही प्रॉपर्टी का भी काम करता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी खुर्शीद व अन्य की नजर फाफामऊ स्थित एक जमीन पर थी। इस जमीन को वह लंबे समय से खरीदना चाह रहे थे लेकिन रेट को लेकर बात नहीं बन पा रही थी।
विस्तार
फाफामऊ के रूदापुर गांव में हुए हत्याकांड की वजह 35 लाख रुपये मूल्य की एक जमीन रही। फाफामऊ क्षेत्र स्थित इस जमीन पर आरोपी पक्ष की नजर थी और वह इसे खरीदना चाहता था। लेकिन ज्यादा दाम देकर मृतक पक्ष ने इस जमीन को खरीद लिया था और यहीं से आरोपी पक्ष उनसे रंजिश रखने लगा था। आरोप है कि इसी रंजिश में खौफनाक वारदात अंजाम दी गई।
मृतक मुबस्सिर ईंट-भट्ठे में पिता का हाथ बंटाने के साथ ही प्रॉपर्टी का भी काम करता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी खुर्शीद व अन्य की नजर फाफामऊ स्थित एक जमीन पर थी। इस जमीन को वह लंबे समय से खरीदना चाह रहे थे लेकिन रेट को लेकर बात नहीं बन पा रही थी। बात तब बिगड़ी जब इसी जमीन का सौदा करने के लिए मुबस्सिर पक्ष ने कवायदें शुरू कर दीं।
जमीन मालिक को मुबस्सिर पक्ष से ज्यादा दाम मिल रहा था, ऐसे में करीब छह महीने पहले उसने इसे उनके हाथों बेच दिया। यहीं से दोनों पक्षों के बीच विवाद पैदा हो गया। इसकेबाद तनातनी चलती रही। करीब 15 दिनों से तनातनी ज्यादा बढ़ गई थी। आरोप है कि दूसरा पक्ष तभी से मौके की तलाश में था और शनिवार को मौका मिलते ही उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
15 दिन पहले जेल से छूटा है एक आरोपी
सूत्रों का कहना है कि नामजद आरोपियों में शामिल जैद 15 दिन पहले ही जेल से छूटा है। वह किसी मामले में भदोही जेल में निरुद्ध था। वह सोरांव थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। एसपी गंगापार अभिषेक अग्रवाल का कहना है कि अन्य आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पता किया जा रहा है।
आरोपी पक्ष की भी हुई थी पिटाई
सूत्रों का यह भी कहना है कि करीब 20 दिन पहले आरोपी पक्ष की पिटाई हुई थी। इस बात की जानकारी जब जेल में बंद जैद को हुई तब से वह बदला लेने की फिराक में था। जेल से छूटने के बाद से ही वह और उसके पक्ष के अन्य लोग हमला करने की फिराक में घूम रहे थे।