पीडीए ने मंगलवार को मम्फोर्डगंज स्थित जहरूल हसन रोड पर एक अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिया। सड़क पर अतिक्रमण कर बनाया गया एक कमरा, करीब 70 फीट चहारदीवारी को जेसीबी लगाकर तुड़वा दिया गया। यही नहीं सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लगाए गए शेड, अस्थायी दुकानों को भी ध्वस्त कराया गया।
पीडीए के उपाध्यक्ष टीके शिबू के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी आलोक पांडेय प्रवर्तन दल के साथ एसीएम प्रथम गौरव रंजन, कर्नलगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ओएसडी के मुताबिक यहां शिव मंदिर के सामने बब्बू यादव ने अवैध निर्माण सड़क पर कब्जा कर कराया था, जिसे ध्वस्त करा दिया गया है। साथ ही फल, सब्जी आदि की अस्थायी दुकानों और कई शेड भी गिराकर सड़क, फुटपाथ खाली कराए गए। कार्रवाई के दौरान वहां अफरातफरी मची रही। कार्रवाई में अवर अभियंता अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।