प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के परीक्षा नियंत्रक की ओर से पीसीएस-2017 से संबंधित सभी अभ्यर्थियों के अनिवार्य एवं वैकल्पिक विषयों, प्रश्नपत्रों के माडरेटेड और स्केल्ड अंक, मुख्य परीक्षा में शामिल सभी समूहों का श्रेणीवार कटआफ आयोग की वेबसाइट पर 28 जनवरी से चार फरवरी के उपलब्ध कराया जा रहा है।
अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट www.uppsc.up.nic.in पर क्लिक करके अपने मोबाइल पर आए ओटीपी के जरिए प्राप्तांक प्राप्त कर सकते हैं। परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र की ओर से कहा गया है कि जिन अभ्यर्थियों को ओटीपी नहीं मिल रहा है, ओटीपी के लिए अपना मोबाइल नंबर बदलना चाहते हैं, ऐसे अभ्यर्थी आयोग के पास आवेदन दे सकते हें। मोबाइल नंबर बदले जाने पर अभ्यर्थी को एसएमएस भेजा जाएगा। वहीं, भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा के कौशल सिंह ने आयोग की ओर से जारी माडरेटेड, स्केल्ड अंक को परीक्षार्थियों के साथ छलावा बताया है। उन्होंने इसके खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।