Panchayat election : पंचायत चुनाव में लगेंगे 1.47 करोड़ बैलेट पेपर, हुई छपाई
पंचायत चुनाव में करीब एक करोड़ 47 लाख मतपत्रों की जरूरत होगी। इतनी बड़ी संख्या में मतपत्रों की जरूरत को देखते हुए अधिसूचना से पहले इनकी छपाई भी हो गई है। प्रत्याशियों की संभावित संख्या को देखते हुए अलग-अलग संख्या में मतपत्रों की छपाई हुई है।
जिले में कुल 33 लाख, 69 हजार 216 मतदाता हैं। चुनाव जिला पंचायत सदस्य के 84, ग्राम प्रधान के 1540, खंड विकास समिति सदस्य के 2086 तथा ग्राम पंचायत सदस्य के करीब 20 हजार पदों के लिए होगा। इस तरह से कुल 25 हजार 500 से अधिक पदों के लिए चुनाव होगा। ऐसे में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तथा मतदान से पहले 25 हजार से अधिक पदों के लिए 1.47 करोड़ मतपत्रों की छपाई संभव नहीं होगी।
इसलिए मतपत्रों की छपाई करा ली गई है। पंचायत चुनाव में बैलेट पेपर में प्रत्याशियों के नाम नहीं होंगे। सिर्फ चुनाव चिह्न होंगे। ये आयोग की ओर से निर्धारित क्रम में होंगे, जो प्रत्याशियों को क्रम से एलाट होंगे। चूंकि अभी उम्मीदवारों की संख्या तय नहीं है। इसलिए अलग-अलग आकार के मतपत्र छपवाए गए हैं, जिन्हें पंचायतवार प्रत्याशियों की संख्या के क्रम में फाड़ लिया जाएगा।
14 हजार मतपेटियों की होगी जरूरत
पंचायत चुनाव में 14 हजार से अधिक मतपेटियों की जरूरत होगी। मतपेटियां मंगाने के साथ उनकी पेंटिंग आदि भी शुरू हो गई है।
25 हजार से अधिक कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी
जिले में कुल 1731 मतदान स्थल और 5269 बूथ हैं। हर बूथ पर चार कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस लिहाज से 21 हजार 76 कर्मचारियों की बूथ पर ड्यूटी लगाई जाएगी। 20 फीसदी अतिरिक्त कर्मचारियों होंगे। चुनाव से संबंधित अन्य गतिविधियों में भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इस तरह से चुनाव में करीब 25 हजार कर्मचारियों की जरूरत होगी। इसके लिए सभी विभागों से कर्मचारियों की सूची के साथ अन्य डिटेल भी मांग लिए गए हैं।
मतगणना स्थलों में करना होगा परिवर्तन
प्रयागराज। पंचायत चुनाव में इस बार मतगणना पुराने केंद्रों पर नहीं होगी। यूपी बोर्ड की परीक्षा की वजह से मतगणना स्थल में परिवर्तन किया जाएगा। इसके अलावा तीन नए ब्लाक भी बनाए गए हैं। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर ब्लाकवार नए मतगणना केंद्र की तलाश की जा रही है। रविवार या सोमवार को इस सूची पर भी मुहर लगने की उम्मीद है।
जिला पंचायत सदस्य को छोड़कर अन्य पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया ब्लाक स्तर पर पूरी की जाएगी। इसी क्रम में हर ब्लाक में बड़े स्कूल को मतगणना केंद्र बनाया जाता रहा है लेकिन इस बार बोर्ड की परीक्षाएं घोषित हैं। अफसरों का कहना है कि मतदान तो परीक्षा से पहले हो जाएगा लेकिन मतगणना की तिथि परीक्षा के बीच में पड़ेगी। ऐसे में मतपेटियां रखने तथा मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा तक संबंधित केंद्र सीज रहेंगे। इसलिए ऐसे स्थलों की तलाश की जा रही है, जहां परीक्षा न हो। अफसरों का कहना है कि दो-तीन दिनों में सूची फाइनल हो जाएगी।
प्रयागराज। पंचायतों के आरक्षण पर दो दिन में 231 आपत्तियां आ चुकी हैं। शुक्रवार को प्रधान पद के आरक्षण पर 126 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। बुधवार को 65 आपत्तियां हुईं थीं। इस तरह से प्रधान पद के लिए 191 आपत्तियां आ चुकी हैं। जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 24 आपत्तियां आ चुकी हैं। बृहस्पतिवार को 19 आपत्तियां आईं। क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए बृहस्पतिवार को 14 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराईं। अब तक 16 आपत्तियां आ चुकी हैं।
नए मतदाताओं के मोबाइल पर होगा ई-इपिक
प्रयागराज। विधानसभा की सूची में शामिल नए मतदाताओं को अपने मोबाइल पर ई-इपिक डाउनलोड करना होगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग ने सात और 13 मार्च को विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया है। आयोग के निर्देश पर ई-इपिक के लिए 25 जनवरी से 28 फरवरी तक अभियान चलाया गया था। जिले में 1881 नए मतदाता हैं जिन्होंने मोबाइल नंबर भी रजिस्टर कराए हैं। आयोग ने इन मतदाताओं की विधानसभावार सूची जारी की है। इसके अनुसार फाफामऊ में 17, सोरांव में 87, फूलपुर में 183, प्रतापपुर में 25, हंडिया में 32, मेजा में 52, करछना में 120, पश्चिमी में 316, उत्तरी में 525, दक्षिणी में 450, बारा में 25 तथा कोरांव में 49 मतदाताओं ने मोबाइल नंबर पंजीकृत कराए हैं। अब दो दिन चलने वाले विशेष अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर बीएलओ अन्य कर्मचारी मौजूद रहेंगे। वे लोग संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर ई-इपिक एप डाउनलोड कराएंगे।