प्रयागराज में ऑनर किलिंगः प्रेम संबंधों से नाराज घर वालों ने बेटी को मारकर फंदे से लटकाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रुदापुर गांव में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी के पिता की मौत हो चुकी है। घर में मां अलावा चार भाई हैं। तीन भाई बाहर रहकर ट्रक चलाते हैं, जबकि एक भाई मो. जैद यहीं रहकर ऑटोमोबाइल एजेंसी में काम करता है। घर में उसकी पत्नी के अलावा बड़ी बहन भी रहती है। शुक्रवार दोपहर डेढ़ बजे के करीब किशोरी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई।
लेकिन घरवालों ने किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। शाम 5.30 बजे के करीब किसी ने सूचना दी तो पुलिस पहुंची। पूछताछ में घरवालों ने बताया कि किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि किशोरी की नाक, मुंह दबाकर हत्या की गई। उसकी मौत दम घुटने की वजह से हुई। जानकारी पर सीओ सोरांव ने मोके पर पहुंचकर घरवालों से पूछताछ की तो वह पहले तो इधर उधर की बातें करते रहे। लेकिन थाने लाकर कड़ाई से पूछताछ में हकीकत बयां कर दी।
मर्जी के खिलाफ तय कर दी थी शादी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात सामने आने के बाद सीओ सोरांव केवी अशोक ने भाई, मां, बहन, भाभी को हिरासत में ले लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू की। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने किशोरी की शादी तय कर दी थी, लेकिन वह इसके लिए राजी नहीं थी।
इस बात को लेकर आए दिन वह घरवालों से झगड़ती थी। शुक्रवार को भी उसने मां, बहन से झगड़ा किया था। इस बात की जानकारी मिली तो भाई जैद घर पर आया और उसे पीटने लगा। विरोध करने पर सभी ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। सीओ ने बताया कि हत्या में मृतका की चाची महरीन बानो भी शामिल थी। उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
हत्या के बाद घरवालों ने इसे खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया। पांच घरवालों को गिरफ्तार कर लिया गया है। -सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी
हत्या को खुदकुशी का रूप देने के लिए की भरपूर कोशिश
सोरांव के रुदापुर में किशोरी की हत्या को खुदकुशी का रूप देने की घरवालों ने भरपूर कोशिश की। बहन को मारने के बाद भाई जैद चुपचाप घर से बाहर निकल गया। उधर मां व अन्य परिजनों ने साजिश के तहत पड़ोसी को बुलाकर उस कमरे का दरवाजा खुलवाया, जिसमें किशोरी का शव फंदे से लटकता मिला। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी साजिश का भंडाफोड़ हो गया।पुलिस के मुताबिक, जिस वक्त किशोरी का उसके घरवालों से झगड़ा हुआ, भाई जैद बाहर था। विवाद होने के बाद मां ने फोन कर जानकारी दी तो वह घर आया और बहन को पीटना शुरू कर दिया। उसने विरोध किया तो मां-बहन समेत अन्य लोग भी उसे पीटने लगे। इसी दौरान मुंह, नाक दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले को खुदकुशी का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। इसके बाद साजिश के तहत जैद चुपचाप घर से बाहर निकल गया।
कुछ देर बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। पड़ोसी पहुंचा तो बताया कि बेटी ने नाराज होकर खुद को कमरे में बंद कर लिया है। पड़ोसी के धक्का देते ही दरवाजा खुल गया जिसके बाद किशोरी का शव फंदे पर लटकता दिखाई दिया। शाम साढ़े पांच बजे के करीब किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंचने के बाद मामला संदिग्ध लगा तो शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।