Nikay Chunav 2023 : फर्जी वोटिंग में पांच महिलाओं समेत 15 गिरफ्तार, करेली में पांच व झूंसी में 10 गिरफ्तार
मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग करते 15 लोग गिरफ्तार किए गए। इनमें पांच महिलाएं करेली जबकि 10 लोग झूंसी क्षेत्र स्थित मतदान केंद्रों से पकड़े गए हैं। यह सभी जाली आईडी कार्ड के जरिए मतदान करने की कोशिश में थे। चेकिंग के दौरान उन्हें पुलिस ने दबोच लिया।
विस्तार
मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग करते 15 लोग गिरफ्तार किए गए। इनमें पांच महिलाएं करेली जबकि 10 लोग झूंसी क्षेत्र स्थित मतदान केंद्रों से पकड़े गए हैं। यह सभी जाली आईडी कार्ड के जरिए मतदान करने की कोशिश में थे। चेकिंग के दौरान उन्हें पुलिस ने दबोच लिया। इन सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
करेली में 60 फीट रोड पर मंडलीय राजस्व प्रशिक्षण विद्यालय मतदान केंद्र में बुरका पहनकर पांच महिलाएं पहुंचीं। इनकी गतिविधियां संदिग्ध थीं, ऐसे में सुरक्षा में लगीं महिला पुलिसकर्मियों ने इनसे पूछताछ की तो यह भागने लगीं। इसके बाद इन्हें हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। पूछताछ के दौरान पता चला कि पांचों से जो आधार कार्ड बरामद हुए, वह जाली हैं।
विस्तृत पूछताछ के बाद मुकदमा दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उधर झूंसी के पूर्व माध्यमिक विद्यालय कोहना में नौ और बीएल भगत इंटर कॉलेज मतदान केंद्र से एक व्यक्ति को फर्जी वोटिंग की कोशिश करते पकड़ा गया। इनमें से कुछ के पास से जाली आधार कार्ड व अन्य आईडी बरामद हुई जबकि शेष उनके सहयोग में पहुंचे थे। देर रात मुकदमा दर्ज कर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
कोई पति तो कोई नहीं बता पाया पिता का नाम
करेली में जो पांच महिलाएं पकड़ी गईं, उनमें से कोई अपने पिता तो काेई पति का नाम नहीं बता पाया। शक होने पर जब महिला पुलिसकर्मियों ने उनसे पूछताछ की ताे वह सही जानकारी नहीं दे पाई। यहां तक कि आधार कार्ड में जो पिता या पति का नाम लिखा था, वह भी गलत बताया। इसी के चलते वह पकड़ ली गईंं।
यह हुईं गिरफ्तार
1- सबुस्ता अंजुम पत्नी शफीक निवासी गौसनगर करेली
(बरामद आधार कार्ड में नाम शोएबा खातून)
2- अनवरी बेगम पत्नी महमूद आलम निवासी गौसनगर करेली
(बरामद आधार कार्ड में नाम नूरी परवीन पत्नी मो. आसिफ)
3- हुस्ना पत्नी लालू निवासी गौसनगर करेली
(बरामद आधार कार्ड में नाम जैनब पत्नी मो. शकील)
4- जुबैदा बीबी पत्नी कमाल शेक निवासी चेतना गर्ल्स स्कूल
(बरामद आधार कार्ड में नाम नाजिश परवीन पत्नी सलामत उल्ला)
5- अस्मा पत्नी सुप्पन शेख निवासी जीटीबी नगर करेली(बरामद आधार कार्ड में नाम सम्मा बानो पत्नी मो. मोहीउद्दीन)
दो झारखंड की रहने वाली
गिरफ्तार महिलाओं में दो झारखंड की रहने वाली हैं। इनमें जुबैदा निवासी ग्राम मनसाही थाना साहेबगंज और अस्मा निवासी ग्राम राजमहल, थाना राजमहल जनपद साहेबगंज शामिल हैं। बता देें कि झारखंड का साहेबगंज जनपद प्रयागराज में खासा चर्चित रहा है। मई 2018 में सिविल लाइंस स्थित यूको बैंक में 16 लाॅकर काटकर पांच करोड़ की चोरी की वारदात जिस गैंग ने की थी, वह साहेबगंज जनपद का ही था।
मतदान केंद्र में फर्जीवाड़ा करते आठ हिरासत में
उधर मतदान केंद्र में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में आठ लोग हिरासत में लिए गए। इनमें जार्जटाउन में चार, साउथ मलाका में तीन, शिवकुटी में एक युवक पकड़ा गया। जार्जटाउन में जगत तारन गोल्डेन जुबली, शिवकुटी में मसुरियादीन इंटर कॉलेज और साउथ मलाका में नगर पालिका स्कूल मतदान केंद्र से युवक दूसरे की आईडी लेकर मतदान करने पहुंचे थे।
फर्जी आधार व अन्य आईडी कार्ड संग पकड़े गए लोगों को अभियोग पंजीकृत कर गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे की आईडी आदि लेकर पहुंचे लोगों से पूछताछ की जा रही है। - दीपक भूकर, डीसीपी नगर