एनसीआर रेलवे : एसी इकोनॉमी कोच के यात्रियों को अब लाना होगा अपना बोरिया बिस्तर
रेलवे बोर्ड के निदेशक यांत्रिक इंजीनियर/कोचिंग सुमन कुमार तांती की ओर से जारी पत्र में उक्त बात का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि एसी इकोनॉमी कोच के भीतर तापमान नियंत्रित करने की व्यवस्था है।
विस्तार
प्रयागराज-जयपुर, प्रयागराज-उधमपुर एक्सप्रेस समेत देश भर में एसी इकोनॉमी कोच के साथ चल रही ट्रेनों में अब यात्रियों को बेडरोल की सुविधा नहीं मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत अगर एसी इकोनॉमी कोच में किसी यात्री को सफर करना है तो उन्हें अपना बोरिया बिस्तर खुद ही लेकर आना होगा। रेलवे बोर्ड ने इस संबंध में उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) समेत सभी जोनल रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर कहा है कि एसी इकोनॉमी कोच के यात्रियों को अब बेेडरोल की सुविधा नहीं दी जाएगी।
दरअसल सामान्य एसी थ्री में 72 बर्थ के मुकाबले एसी इकोनॉमी कोच में 83 बर्थ रहती हैं। इन कोचों में रेलवे ने सीटों के बीच का गैप थोड़ा कम कर दिया है। सामान्य एसी कोच में बेडरोल रखने का अलग स्थान भी रहता है, लेकिन एसी इकोनॉमी कोच में लिनन स्पेस की अनुपलब्धता होने से तमाम जोनल रेलवे द्वारा उसे यात्रियों तक उपलब्ध करवाने में असमर्थता जताई गई।
रेलवे बोर्ड के निदेशक यांत्रिक इंजीनियर/कोचिंग सुमन कुमार तांती की ओर से जारी पत्र में उक्त बात का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि एसी इकोनॉमी कोच के भीतर तापमान नियंत्रित करने की व्यवस्था है। इसके अलावा हर एक सीट पर एसी वेंटस की भी सुविधा है। इन सहूलियतों की वजह से इकोनॉमी कोच में अब बेेडरोल की सुविधा नहीं दी जाएगी। बोर्ड की ओर से यह भी कहा गया है कि इकोनॉमी कोच में रिजर्वेशन करवाने वाले यात्रियों के टिकट पर भी अब इसकी सूचना दी जाएगी।
पहली बार प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस में लगा था इकोनॉमी कोच
एसी थ्री इकोनॉमी कोच देश में पहली बार प्रयागराज-जयपुर एक्सप्रेस में पिछले वर्ष छह सितंबर को लगाया गया था। एनसीआर की ट्रेेनों की बात करें तो इकोनॉमी कोच अब कानपुर-नई दिल्ली श्रमशक्ति, प्रयागराज-उधमपुर सुपरफास्ट, प्रयागराज-उधमपुर स्पेशल में भी लगाए जा चुके हैं।
इसके अलावा प्रयागराज से गुजरने वाली गोदान एक्सप्रेस, कामायनी एक्सप्रेस, हटिया-आनंद विहार, सीमांचल एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी ये कोच उपलब्ध हैं। प्रयागराज-जयपुर, प्रयागराज-उधमपुर एक्सप्रेस के यात्रियों को पिछले कुछ दिनों से बेडरोल की सुविधा दी जा रही थी, लेकिन रेलवे बोर्ड के आदेश के बाद अब इन ट्रेनों में यह सुविधा नहीं दी जाएगी।
रेलवे बोर्ड का इस संबंध में आदेश जारी हुआ है। बोर्ड के निर्देश के अनुसार एसी इकोनॉमी कोच में बेडरोल की सुविधा नहीं दी जानी है। - डॉ. शिवम शर्मा, सीपीआरओ, एनसीआर