निकाय चुनाव : प्रशासन ने चलाया आचार संहिता का डंडा, रात को उतारे गए नेताओं के होर्डिंग्स-पोस्टर
निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही रविवार की शाम संगमनगरी की सड़कों पर आचार संहिता का डंडा चलने लगा। रात को ही नगर निगम के अफसरों की टीमें निकल पड़ीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही रविवार की शाम संगमनगरी की सड़कों पर आचार संहिता का डंडा चलने लगा। रात को ही नगर निगम के अफसरों की टीमें निकल पड़ीं। इस दौरान दीवारों, खंभों पर लगे भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों के नेताओं, संभावित उम्मीदवारों को बैनर पोस्टर उतरवाए जाने लगे। कई स्थानों पर लगे होर्डिंग भी हटवा दिए गए। चुनावी माहौल बनाने के लिए लगाए गए पोस्टर -बैनर आधी रात तक हटाए जाते रहे।
नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही प्रशासन आदर्श आचार संहिता का पालन कराने में जुट गया है। अधिसूचना जारी होने के बाद नगर आयुक्त चंद्रमोहन गर्ग ने अफसरों के साथ बैठक की। उन्होंने आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया। चुनाव आयोग की गाइड लाइन का पालन कराने के लिए रात को नगर निगम की आठ टीमें एक साथ सड़कों पर उतरीं।
अपर नगर आयुक्त रत्नप्रिया के नेतृत्व में निकली टीमों ने दीवारों, खंभों और सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए पोस्टर-बैनर हटाए जाने लगे। सिविल लाइंस इलाके में सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान सत्ताधारी दल के अलावा विपक्षी दलों के नेताओं के पोस्टर-बैनर हटाए जाते रहे।
नगर निगम की टीमें अलग-अलग इलाकों में सक्रिय रहीं। पुराने शहर में चौक के अलावा नखास कोहना, खुल्दाबाद, करेली समेत कई इलाकों में लगे पोस्टर, बैनर एवं होर्डिंग हटा दिए गए। प्रत्येक जोन के लिए एक टीम लगाई गई। देर रात तक शहर के चौराहों, सड़कों और गलियों पर पोस्टर, बैनर, होर्डिंग्स हटाने का काम चलता रहा। जॉर्जटाउन, विश्वविद्यालय रोड, कटरा, अल्लापुर, चौक, अटाला, गोविंदपुर, सिविल लाइंस, तेलियरगंज समेत अन्य इलाकों से पोस्टर, बैनर, होर्डिंग हटाए गए।
टिकट के लिए परिक्रमा शुरू, प्रचार सामग्री तैयार करने का काम तेज
अधिसूचना जारी होने के साथ ही राजनीतिक दलों में जिताऊ उम्मीदवारों के नाम पर मंथन भी शुरू हो गया। साथ ही नेताओं ने लखनऊ की परिक्रमा भी शुरू कर दी। कई नेता टिकट पक्का कराने के लिए बड़े नेताओं से संपर्क साधने में जुट गए हैं। उधर, प्रिंटिंग प्रेस में चुनाव प्रचार सामग्री छापने का काम भी तेज हो गया। पोस्टर-बैनर बनाने के लिए आर्डर भी दिए जाने लगे हैं।