Prayagraj : ईरान में हैं संगमनगरी के 500 से अधिक लोग, संपर्क नहीं होने से परिजन परेशान
संगमनगरी से ईरान में कारोबार करने गए लोगों और वहां पढ़ाई कर रहे छात्रों समेत करीब 500 से अधिक लोग हैं, जिनसे संपर्क टूट गया है। ईरान के बिगड़ते हालात को देखते हुए घर वाले अपनों को वापस बुलाना चाह रहे हैं।
विस्तार
संगमनगरी से ईरान में कारोबार करने गए लोगों और वहां पढ़ाई कर रहे छात्रों समेत करीब 500 से अधिक लोग हैं, जिनसे संपर्क टूट गया है। ईरान के बिगड़ते हालात को देखते हुए घर वाले अपनों को वापस बुलाना चाह रहे हैं। परेशानी की बात यह है कि वहां इंटरनेट और संचार सेवाएं बाधित होने से उनसे बात नहीं हो पा रही है। इस वजह से परिजनों की चिंता बढ़ गई है। वे अपनों की सलामती के लिए दुआएं मांग रहे हैं।
संगमनगरी के रानीमंडी, दरियाबाद, करेली, दायरा शाह अजमल, हंडिया, मऊआइमा समेत कई इलाकों के लोग ईरान के कुम, तेहरान और मशहद समेत अलग-अलग शहरों में हैं। इनमें अधिक संख्या छात्रों की है, जो वहां पढ़ाई करने गए हैं। वहीं, बहुतेरे ऐसे हैं जो धार्मिक यात्रा या कारोबार करने के सिलसिले में वहां गए हैं। केंद्र सरकार की ओर से भारतीय नागरिकों को ईरान छोड़ने की सलाह ने परिजनों की बेचैनी बढ़ा दी है।
दायरा शाह अजमल के शाहिद अस्करी ने बताया कि उनकी बहन तलत अस्करी और बहनोई जिया अब्बास ईरान में हैं, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। यहां से भांजा अदनान और भांजी इमा फातमी भी जियारत करने करबला गए थे। दोनों सकुशल वापस आए लेकिन बहन-बहनोई से संपर्क नहीं हो पा रहा है। अस्करी के मुताबिक, जिले के 500 से अधिक लोग ईरान में हैं।
हंडिया के भोपतपुर निवासी मजाहिर अली ने बताया कि उनका भाई कुशा अली पढ़ाई करने ईरान गया है। वहां के हालात ठीक नहीं हैं। हमारे साथ घर वाले भी परेशान हैं लेकिन संपर्क नहीं हो पा रहा है। दांदूपुर के वजीर हसन के भाई निसार हसन ने बताया कि करीब पंद्रह दिन पहले कुछ सेकेंड के लिए कॉल लगी थी, उसके बाद से भाई से संपर्क नहीं हो पा रहा है। इसके लिए अब दूतावास से संपर्क करेंगे।
रानीमंडी के जीशान आब्दी, दायरा शाह अजमल के मौलाना अम्मार समेत बड़ी संख्या में छात्र भी उन लोगों में शामिल हैं जो ईरान के अलग-अलग शहरों में फंसे हैं। रानी मंडी के ही मौलाना जीशान हैदर भी उन लोगों में शामिल हैं जिनका अपनों से संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनके भाई बारबर नदीम ने बताया कि मोबाइल या वीडियो कॉल के जरिए बात नहीं हो पा रही है। वहीं, शाहिद अस्करी ने बताया कि वहां के हालात से चिंता बढ़ती जा रही है। हम उनकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। परेशानी तब बढ़ जाती है, जब इंटरनेशनल कॉल भी ड्रॉप हो जाती है।