{"_id":"6807ef7fbd32d5b3d70d88fd","slug":"missing-youth-dies-under-suspicious-circumstances-murder-report-filed-allahabad-news-c-3-ald1034-607094-2025-04-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"Prayagraj News: लापता युवक की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या की रिपोर्ट दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Prayagraj News: लापता युवक की संदिग्ध हालात में मौत, हत्या की रिपोर्ट दर्ज
विज्ञापन
विज्ञापन
देवरी कला गांव में 12 घंटे से लापता मनोज सिंह (38) की सोमवार रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सोमवार रात 11:30 बजे दोस्त शव लेकर घर पहुंचा तो परिजन स्तब्ध रह गए। उन्होंने दोस्त पर ही हत्या का आरोप लगाया। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है।
भाई घनश्याम सिंह ने बताया कि मनोज की दोस्ती पड़ोस गांव के प्रदीप मिश्रा उर्फ कल्लू से थी, जिसके पास जेसीबी मशीन है। मनोज उसके साथ ही रहकर मशीन चलवाने का काम करता था। सोमवार सुबह 11 बजे करीब प्रदीप मिट्टी खोदने के लिए मनोज को घर से बुलाकर ले गया।
विज्ञापन
तबीयत ठीक नहीं होने के कारण घरवालों ने मना किया, लेकिन मनोज उसके साथ चला गया। दोपहर में बच्चों से फोन पर बात भी की, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। उसका मोबाइल भी बंद था। प्रदीप से फोन कर पूछा गया तो उसने कहा कि मनोज कुछ देर में घर आ जाएगा।
विज्ञापन
रात तक उसके नहीं आने पर घरवाले परेशान हो गए। आरोप है कि इसी दौरान रात करीब 11:30 बजे मनोज का शव लेकर प्रदीप घर आया। उसने घरवालों से बताया कि उसका एक्सीडेंट हो गया था। इस पर परिजनों में चीखपुकार मच गई। आसपास के लोग भी जुट गए। भाई का आरोप है कि शरीर में कई जगह चोट के निशान थे। पेट में भी गहरा जख्म था। ऐसा लग रहा है कि उसकी हत्या की गई। उधर सुबह सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
एसीपी करछना वरुण कुमार का कहना है कि भाई की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ की जा रही है।
मासूमों के सिर से उठ गया पिता का साया
ठाकुर प्रसाद सिंह के तीन बेटों में मनोज तीसरे नंबर का था। परिवार में पत्नी सुसुम सिंह के अलावा दो बेटियां व दो बेटे हैं। चार बच्चों में माही सात, वित्तन छह, शुभम तीन वर्ष व देवांश चार माह का है। मनोज की मौत से मासूमों के सिर से पिता का साया छिन गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी गमगीन रहे।
चोटें कर रही हादसे की ओर इशारा
पुलिस सूत्रों का कहना है कि पोस्टमार्टम में मृतक के शरीर की चोटों के निशान हादसे की ओर इशारा कर रहे हैं। दरअसल मृतक के शरीर में जो भी चोटें हैं, वह दाहिनी तरफ हैं। इसके अलावा पेट में जो जख्म मिला है, वह भी धारदार हथियार से घोंपे जाने से पहुंचने वाली चोट के नहीं हैं। दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराने के साथ ही चोटाें की फॉरेंसिक एक्सपर्ट से भी जांच कराई गई। डीसीपी यमुनानगर का कहना है कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल की जा रही है।