प्रयागराज : बदमाशों ने की एसबीआई एटीएम लूटने की कोशिश
धूमनगंज थाना क्षेत्र में एसबीआई कालिंदीपुरम की शाखा के बाहर एटीएम बूथ है। 28 फरवरी की सुबह तकरीबन तीन बजे दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे। तीन बदमाश बाइक से उतरकर एटीएम बूथ के अंदर पहुंचे और मशीन को खोलने का प्रयास शुरू कर दिया।
विस्तार
कालिंदीपुरम स्थित एसबीआई ब्रांच के बाहर लगे एटीएम में बदमाशों ने लूट की कोशिश की। सब्बल और हथौड़े से मशीन में काफी तोड़फोड़ की लेकिन बदमाश कैश बाक्स खोलने में सफल नहीं हो पाए। अगले दिन पुलिस को सूचना दी गई। घटना 28 मार्च तड़के की है लेकिन बृहस्पतिवार शाम तक रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की गई थी।
धूमनगंज थाना क्षेत्र में एसबीआई कालिंदीपुरम की शाखा के बाहर एटीएम बूथ है। 28 फरवरी की सुबह तकरीबन तीन बजे दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे। तीन बदमाश बाइक से उतरकर एटीएम बूथ के अंदर पहुंचे और मशीन को खोलने का प्रयास शुरू कर दिया। एक बदमाश बाहर खड़ा होकर निगरानी कर रहा था।
बदमाशों ने सब्बल और हथौड़े से करीब आधे घंटे तक मशीन खोलने का प्रयास किया लेकिन वे सफल नहीं हो पाए। मशीन में उन्होंने काफी तोड़फोड़ की। जब सफल नहीं हो पाए तो करीब साढ़े तीन बजे बाहर निकलकर भाग निकले। सुबह बैंककर्मी पहुंचे तो तोड़फोड़ की जानकारी हुई। एटीएम बूथ के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरा लगे।
फुटेज में बदमाशों की पूरी हरकत कैद हो गई थी। उच्चाधिकारियों को सूचना देकर शाखा प्रबंधक सौरभ सिन्हा ने शाम को तहरीर दी लेकिन जांच के नाम पर आज तक रिपोर्ट नहीं दर्ज की गई थी। चौकी इंचार्ज राजरूपपुर बृहस्पतिवार को एटीएम बूथ पहुंचे और कहा कि जल्द ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी। शाखा प्रबंधक के मुताबिक घटना के समय एटीएम में करीब 26 लाख रुपये थे।
2019 में भी हो चुकी हैं दो घटनाएं
शहर में पहले भी एटीएम लूट के लिए तोड़फोड़ की घटनाएं हो चुकी हैं। बदमाशों ने जनवरी 2019 में मेडिकल कालेज के पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ कर लूट की कोशिश की थी। इसी साल मार्च में अल्लापुर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम मशीन में तोड़फोड़ कर लूट का प्रयास किया गया था।